राजनीति नहीं जनता की सेवा के लिए खड़े होने का वक्त
कोरोना एक वैश्विक महामारी है पूरी दुनिया इससे जूझ रही है। भारत भी कोरोना संक्रमण को हराने के लिए लगातार काम कर रहा है। ऐसे में विपक्षी दलों को चाहिए कि वह राजनीति छोड़कर जनता की सेवा में लगे।
जागरण संवाददाता, रुड़की: कोरोना एक वैश्विक महामारी है, पूरी दुनिया इससे जूझ रही है। भारत भी कोरोना संक्रमण को हराने के लिए लगातार काम कर रहा है। ऐसे में विपक्षी दलों को चाहिए कि वह राजनीति छोड़कर जनता की सेवा में लगे। सरकार की खामियों को बताते हुए सुझाव दे, सुझाव मानने योग्य होंगे तो सरकार मान रही है। यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने रुड़की में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
शुक्रवार को रुड़की पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि यह आपदा बहुत बड़ी है। सरकार अपने तरीके से जनता का जीवन बचाने में लगी है। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी से लेकर बूथ स्तर तक का कार्यकत्र्ता जनता की मदद के लिए काम कर रहा है। प्रदेश स्तर पर संगठन ने एक कंट्रोल रूम खोला है तो छह-सात कंट्रोल रूम और खोले गए हैं। चिकित्सकों का एक पैनल है, जो कोविड मरीजों से लगातार संपर्क कर रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि प्रदेश के जो हालात हैं उसके अनुसार चिकित्सा का ढांचा मजबूत नहीं है। लेकिन, सभी राजनैतिक दलों को मिलकर जनता के प्राणों को बचाना है। राजनीति के लिए तो बहुत समय बचा है। सरकार की ओर से डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए मेडिकल के अंतिम वर्ष के छात्रों को भी कोविड मरीजों की देखभाल के लिए लगाया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जनता का गुस्सा जायज है। आपदा की इस घड़ी में जिन्होंने अपनों को खोया है, उनका दर्द कभी दूर नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब आक्सीजन की कमी नहीं है, लेकिन यह मांग पर निर्भर करता है। सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि प्रत्येक जिले में आक्सीजन उपलब्ध हो। इस मौके पर नगर विधायक प्रदीप बत्रा, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री चौधरी धीर सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशील त्यागी आदि मौजूद रहे।