नशे के इंजेक्शन की खेप के साथ सौदागर धरा, मेरठ से लाई जा रही थी खेप
प्रतिबंधित इंजेक्शन ले जा रहे नशे के सौदागर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार से एक हजार नशे के इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
रुड़की, जेएनएन। कार से प्रतिबंधित इंजेक्शन ले जा रहे नशे के सौदागर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार से एक हजार नशे के इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। उत्तर प्रदेश के मेरठ से नशे की यह खेप खरीदी गई थी। इस खेप को ज्वालापुर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपित पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
रविवार रात सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मलकपुर चुंगी के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक कार में नशे की खेप हरिद्वार की तरफ लाई जाई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस सतर्क हो गई। पुलिस ने दिल्ली की तरफ से आ रही एक कार को रुकने का इशारा किया तो चालक कार लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर कार को रोककर कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान कार से गत्ते की एक पेटी बरामद हुई।
पेटी के अंदर एक हजार प्रतिबंधित इंजेक्शन रखे हुए थे। प्रतिबंधित इंजेक्शन के नाम रेक्सोजेसिक, ब्यूरोफिन है। पकड़े गए कार सवार आरोपित ने अपना नाम शाहरुख निवासी मोहल्ला झाडानपीठ बाजार ज्वालापुर बताया। सिविललाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपित ने मेरठ के एक मेडिकल स्टोर से नशे की यह खेप खरीदी थी। जिसे ज्वालापुर ले जाया जा रहा था। आरोपित काफी समय से नशे के धंधे से जुड़ा है।
यह भी पढ़ें: पुलिस ने स्मैक की तस्करी में दो युवकों को किया गिरफ्तार Dehradun News
पता चला है कि आरोपित ज्वालापुर के अलावा अन्य कई जगहों पर भी नशे की सप्लाई करता है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए आरोपित शाहरुख का पिता सत्तार भी अवैध नशीले कारोबार में पकड़ा जा चुका है। आरोपित का पिता सत्तार ज्वालापुर का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर गैंगस्टर में भी कार्रवाई की गई है। इस गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। ड्रग इंस्पेक्टर को भी मामले के जानकारी दी गई है।
यह भी पढ़ें: लग्जरी कार से ला रहा था शराब की खेप, 12 पेटी संग गिरफ्तार Dehradun News