जांच के लिए लगी लंबी कतार, शारीरिक दूरी का उल्लंघन
सिविल अस्पताल में खून की जांच के लिए शुक्रवार को लंबी लाइन देखने को मिली।
जागरण संवाददाता, रुड़की: सिविल अस्पताल में खून की जांच के लिए शुक्रवार को लंबी लाइन देखने को मिली। भीड़ के कारण मरीजों को अपनी बारी के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। इसके चलते मरीजों ने हंगामा भी किया। वहीं इस दौरान शारीरिक दूरी के नियमों का भी उल्लंघन हुआ।
सिविल अस्पताल में शुक्रवार को खून और अन्य जांचों के लिए ओपीडी परिसर में कक्ष के बाहर लंबी कतार देखने को मिली। इनमें गर्भवती महिलाएं भी शामिल रही। कक्ष में एक ही लैब टेक्निशियन होने की वजह से मरीजों को अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। इसके चलते मरीजों ने हंगामा भी किया। वहीं भीड़ अधिक होने की वजह से शारीरिक दूरी के नियमों का भी उल्लंघन हुआ। उधर, जांच का समय दोपहर 12 बजे समाप्त होने पर कई मरीजों को मायूस लौटना पड़ा। सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि एक लैब टेक्निशियन छुट्टी पर है, जबकि दो लैब टेक्निशियन सैंपल लेने गए थे। इस वजह से समस्या आ रही है। बताया कि सीएमओ हरिद्वार को इससे अवगत कराया गया है। सीएमओ से दो-तीन लैब टेक्निशियन की मांग की गई है। उम्मीद है कि अस्पताल को जल्द ही लैब टेक्निशियन मिल जाएंगे। वहीं मरीजों के बीच शारीरिक दूरी बनाने की व्यवस्था भी की जाएगी।