रुड़की में हाईवे पर लगा रहा जाम, लोग रहे परेशान
हाईवे पर यातायात का दबाव बढ़ने से सुबह से शाम तक थोड़े-थोड़े अंतराल पर जाम लगता रहा। जिससे कम दूरी में भी वाहन चालकों का अधिक समय व्यतीत हुआ।
रुड़की, जेएनएन। रविवार को हाईवे पर यातायात का दबाव बढ़ने से सुबह से शाम तक थोड़े-थोड़े अंतराल पर जाम लगता रहा। जिससे कम दूरी में भी वाहन चालकों का अधिक समय व्यतीत हुआ।
हाईवे पर जाम लगने का सिलसिला सुबह दस बजे से शुरू हो गया था। दिन चढऩे के साथ वाहनों का दबाव बढ़ता रहा, जिससे जाम की स्थिति और विकट हो गई। रुक-रुककर जाम लगने से चौपहिया वाहनों के अलावा दोपहिया वाहन चालक और पैदल चलने वाले लोगों को भी हाईवे से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोपहर के समय दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर मोहनपुरा से लेकर ओवरब्रिज, एमएच तिराहा, एसडीएम चौक, बस अड्डा, रुड़की टाकिज, डमडम चौक, मलकपुर चुंगी, सोलानी पुल, माजरा, शेरपुर, बेलड़ा तक लोगों का जाम से जूझना पड़ा। इसके अलावा दिल्ली-देहरादून राजमार्ग भी जाम से अछूता नहीं रहा।
यह भी पढ़ें: लोनिवि को दिए सर्वाधिक 234 करोड़, शेष तीन महीने सड़कों के निर्माण पर फोकस
देहरादून हाईवे पर भी गणेशपुर पुल, मालवीय चौक, रामनगर, ईदगाह चौक, आवास विकास, रामपुर चुंगी, इब्राहिमपुर देह और सालियर तक जाम लगता रहा। दोपहर बाद जाम से कुछ राहत रही, लेकिन शाम होते ही फिर हाईवे पर जाम लग गया। जाम का असर शहर के अंदर भी देखने को मिला। शहर के भीतरी मार्गों पर नया पुल, गंगा ब्रिज, नगर निगम पुल, बीटी गंज, मेन बाजार, अनाज मंडी, पुराना रेलवे रोड पर जाम लगा। इसके अलावा भगवानपुर, नारसन और मंगलौर में भी सुबह से शाम तक रुक-रुककर जाम लगता रहा।
यह भी पढ़ें: आइएमए के तीन परिसरों के बीच बनेंगे दो अंडरपास, रक्षा मंत्रालय ने दी मंजूरी