नरेश गौतम बने बसपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, कहा- मतभेद भुलाकर पार्टी के लिए करें काम
बसपा हाईकमान ने नरेश गौतम को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। निवर्तमान अध्यक्ष चौधरी शीशपाल सिंह को टिहरी लोकसभा जोन का प्रभारी बनाया गया है।
हरिद्वार, जेएनएन। बसपा हाईकमान ने नरेश गौतम को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। निवर्तमान अध्यक्ष चौधरी शीशपाल सिंह को टिहरी लोकसभा जोन का प्रभारी बनाया गया है। शिवालिक नगर स्थित प्रदेश मुख्यालय पर हुए कार्यक्रम में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नरेश गौतम ने कहा कि कार्यकर्ता आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी के लिए कार्य करें। पार्टी की ओर से जो जिम्मेदारी उन्हें दी गई है, उसे वह कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेंगे। कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने राज्य गठन के बाद से प्रदेश को लूटने का काम किया है। 10 माह पहले ही चौधरी शीशपाल सिंह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे। नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए नरेश गौतम अभी तक प्रदेश प्रभारी के रूप में पार्टी का काम देख रहे थे।
20 वर्ष में 17 बार बदले अध्यक्ष
राज्य गठन के बाद उत्तराखंड में अपना वजूद मजबूत करने में लगी बसपा ने 20 वर्ष में 17 बार प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए। प्रदेश अध्यक्ष को बदलने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इनमें से अधिकांश तो ऐसे हैं, जो साल-दो साल भी पद पर नहीं रह पाए। राज्य में बसपा की कमान मेघराज, सूरजमल और ईसम सिंह के इर्द-गिर्द घूमती रही। इस दौरान सूरजमल चार और मेघराज और ईसम सिंह दो-दो बार प्रदेश अध्यक्ष बने।
पूर्व विधायक मोहम्मद शहजाद की घर वापसी
पंचायत चुनाव की आहट के बीच पूर्व विधायक मोहम्मद शहजाद की बसपा में फिर से वापसी हो गई। उन्होंने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अंजुम बेगम सहित 12 जिला पंचायत सदस्यों और पूर्व जिला अध्यक्ष नाथीराम और समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ली।
यह भी पढ़ें: इस बार महाविद्यालयों के छात्रसंघ चुनाव चले गए ठंडे बस्ते में
बसपा हाईकमान ने उन्हें पार्टी में शामिल करते ही प्रदेश उपाध्यक्ष के पद से नवाजा। चार साल पहले पंचायत चुनाव के दौरान पूर्व विधायक मोहम्मद शहजाद को बसपा हाईकमान ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था। तब से वे किसी भी पार्टी में शामिल नहीं हुए थे।
यह भी पढ़ें: ऋषिकेश में युवा कांग्रेस का होगा विस्तार, सरकार के खिलाफ आंदोलन चलाने का लिया निर्णय