40 वार्डों में सफाई को निगम तैयार कर रहा खाका
संवाद सहयोगी रुड़की नगर निगम के सभी 40 वार्डो की सफाई के लिए निगम खाका तैयार कर रह
संवाद सहयोगी, रुड़की: नगर निगम के सभी 40 वार्डो की सफाई के लिए निगम खाका तैयार कर रहा है। नगर निगम में पुराने 20 वार्ड में सफाई व्यवस्था ठीक चल रही है, लेकिन नये वार्डों में सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है। इसके चलते निगम अब नये सिरे सफाई के लिए सभी वार्डों में समान सफाई कर्मचारियों की तैनाती करने जा रहा है।
नगर निगम रुड़की में नये क्षेत्रों के शामिल होने के बाद वार्डों की संख्या 40 हो गई थी। नगर निगम के पास वर्तमान में 555 सफाई कर्मचारी हैं। ज्यादातर कर्मचारी पुराने क्षेत्रों में ही तैनात हैं। नये क्षेत्रों में अभी सुचारू रूप से सफाई शुरू नहीं हो पाई है। नगर निगम की बोर्ड बैठक में भी नये क्षेत्रों के वार्डों के पार्षदों ने सुचारू रूप से सफाई व्यवस्था शुरू कराए जाने की बात कही थी। बोर्ड बैठक में पार्षदों को महापौर एवं नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया गया था कि जल्द ही सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से शुरू करा दी जाएगी। इसके चलते नगर आयुक्त नुपूर वर्मा ने मंगलवार को सफाई निरीक्षकों की बैठक ली। इसमें सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था सुचारू कराने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने बताया कि निगम के पास अभी सफाई कर्मचारी क्षेत्र को देखते हुए कम है। निगम के पास 555 सफाई कर्मचारी हैं। वार्ड के क्षेत्रफल एवं जनसंख्या के आधार पर कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है। सभी वार्ड में नियमित कूड़ा एकत्रित करने के लिए डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन वाहनों को लगाया जा रहा है। क्षेत्र अधिक बड़ा होने के चलते कूड़ा कलेक्शन वाहनों को दो-दो चक्कर भी लगाने पड़ सकते हैं।