धारदार हथियार से गोदकर महिला की नृशंस हत्या
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: कनखल की आनंद धाम कॉलोनी में धारदार हथियार से गोदकर एक महि
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: कनखल की आनंद धाम कॉलोनी में धारदार हथियार से गोदकर एक महिला की हत्या कर दी गई। कमरे से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। ताला तोड़ने पर कमरे से महिला का शव मिला। धारदार हथियार से गला रेतने के साथ ही शरीर को कई जगह से गोदा गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला का अपने पति से विवाद चल रहा था और दो महीने पहले ही उसने किराये पर कमरा लिया था। एसएसपी सहित आला अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। पुलिस विभिन्न बिंदुओं से मामले की छानबीन में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक, कनखल दक्ष रोड, जगजीतपुर की आनंदधाम कॉलोनी में सावित्री देवी ने किराये पर कमरे दिए हुए हैं। दो महीने पहले किरन देवी, उम्र 35 पत्नी चंद्रपाल निवासी गायत्री विहार भूपतवाला, हरिद्वार ने तीसरी मंजिल पर कमरा लिया था। बगल के कमरे में दिल्ली निवासी सविता का परिवार रहता है। सविता का परिवार कई दिन से दिल्ली गया हुआ था। मंगलवार को परिवार लौटा तो किरन के कमरे पर ताला लटका हुआ था और अंदर से दुर्गंध आ रही थी। तब सविता ने नीचे रहने वाले किरायेदारों और मकान मालकिन सावित्री को इसकी जानकारी दी। अनहोनी का शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने ताला तोड़ा तो अंदर किरन का शव चारपाई पर पड़ा था। कमरे में आसपास खून जमा होकर सूख चुका था। ऐसा माना जा रहा कि हत्या तीन से चार दिन पहले हुई होगी। सूचना पर एसएसपी कृष्ण कुमार वीके, एसपी सिटी ममता वोहरा मौके पर पहुंचे और मकान मालिक सहित आस पास के लोगों से पूछताछ की।
मकान मालिक ने बताया कि किरन का उसके पति से कोर्ट में विवाद चल रहा था। उसके तीनों बच्चे अपने पिता के साथ रहते हैं। किरन अकेले रहकर घरों में झाड़ू पोंछा करते हुए अपना गुजारा करती थी। पड़ोसियों का कहना है कि तीन चार दिन से उन्होंने किरन को नहीं देखा था। ¨फगर ¨प्रट एक्सपर्ट की टीम ने भी घटनास्थल से सुराग जुटाए। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने बताया कि विभिन्न बिंदुओं से जांच शुरू कर दी गई है। बहुत जल्द हत्या का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।