बीटी गंज में फिर चला अतिक्रमण पर बुलडोजर
बीटी गंज के अतिक्रमण पर एक बार फिर नगर निगम का बुलडोजर चला। निगम की टीम ने बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान टीम ने अतिक्रमण की जद में आ रहे ठीयों के काउंटर भी कब्जे में लिए। इसे लेकर निगम अधिकारियों से दुकानदारों की नोकझोंक भी हुई।
संवाद सहयोगी, रुड़की: बीटी गंज के अतिक्रमण पर एक बार फिर नगर निगम का बुलडोजर चला। निगम की टीम ने बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान टीम ने अतिक्रमण की जद में आ रहे ठीयों के काउंटर भी कब्जे में लिए। इसे लेकर निगम अधिकारियों से दुकानदारों की नोकझोंक भी हुई।
नगर निगम ने 10 मई को जिलाधिकारी हरिद्वार के निर्देश पर बीटी गंज में अतिक्रमण हटाया गया था। इस दौरान कुछ पक्के अतिक्रमण भी ध्वस्त कराए गए थे। निगम अधिकारियों ने दावा किया था कि अतिक्रमण अभियान लगातार जारी रहेगा। जहां से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। 10 मई के बाद निगम अतिक्रमण हटाओ अभियान को पूरी तरह से भूल गया था। जिसके चलते बीटी गंज में फिर से अतिक्रमण हो गया था। मामले की जानकारी होने पर जिलाधिकारी हरिद्वार ने बीटी गंज को अतिक्रमण मुक्त बनाने के निर्देश दिए साथ ही, शहर में अन्य स्थानों से भी अतिक्रमण हटाने के लिए कहा। बुधवार को नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त संजय कुमार के नेतृत्व में निगम की टीम पूरे दलबल के साथ बीटी गंज पहुंची। टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा। निगम की टीम ने बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण को हटाया। छह ठीयों के काउंटर भी निगम की टीम ने जब्त किया। अतिक्रमण हटाने के दौरान निगम अधिकारियों की दुकानदारों से नोकझोंक भी हुई। इस दौरान निगम के नायब तहसीलदार पीतम सिंह, कर निरीक्षक रविद्र पंवार, सफाई निरीक्षक मृदुल कुमार, मोहम्मद कय्यूम, विपिन शर्मा, अभिषेक कुमार आदि निगमकर्मी मौजूद रहे। साप्ताहिक अवकाश के कारण बंद रही दुकानें
रुड़की: बुधवार को साप्ताहिक अवकाश होने के चलते लगभग सभी दुकानें बंद थी। जिसके चलते बाजार में ज्यादा अतिक्रमण नजर नहीं आया। एक घंटे के भीतर ही अतिक्रमण हटा दिया गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिस दिन सामान्य रूप से बाजार खुला होता है, तब बाजार में अतिक्रमण नजर आता है। निगम को सामान्य दिन में यह अभियान चलाना चाहिए। बैंक को जेनरेटर हटाने को कहा
रुड़की: बीटी गंज में एसबीआइ बैंक भी है। बैंक के बाहर एक बड़ा जेनरेटर रखा हुआ है। निगम अधिकारियों ने बैंक के बाहर रखे जेनरेटर को हटाने के लिए कहा है। निगम के नायब तहसीलदार पीतम सिंह ने बताया कि जेनरेटर के कारण काफी जगह तक अतिक्रमण हुआ है। इसलिए इसे हटाने के निर्देश दिए गए हैं। तो धर्मशाला के बाहर से भी हटेगा अतिक्रमण
रुड़की: बीटी गंज स्थित धर्मशाला के बाहर काफी एरिया है। जिस पर धर्मशाला प्रबंधन ने फर्श डाला हुआ है। यही नहीं इस पर नो-पार्किंग का भी बोर्ड लगा रखा है। ताकि कोई वाहन वहां न खड़ा हो सके। नगर निगम के नायब तहसीलदार पीतम सिंह ने बताया कि निगम के रेकार्ड को चेक किया जाएगा। यदि यह भूमि धर्मशाला की ही है, तो यथा स्थिति रहेगी, लेकिन यदि यह अतिक्रमण है तो उसे हटाया जाएगा।