शादी का झांसा देकर विवाहिता से डेढ़ साल तक दुष्कर्म
जागरण संवाददाता रुड़की शहर में किराये पर रहने वाली विवाहिता को शादी का झांसा देक
जागरण संवाददाता, रुड़की: शहर में किराये पर रहने वाली विवाहिता को शादी का झांसा देकर एक युवक डेढ़ साल तक दुष्कर्म करता रहा। आरोपित युवक कैराना, उप्र का रहने वाला है। विवाहिता ने जब शादी का दबाव डाला तो आरोपित उसे छोड़कर फरार हो गया। विवाहिता ने गंगनहर पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता के परिजन पिछले कुछ समय से गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहते हैं। विवाहिता का विवाह करीब छह साल पहले कैराना, जिला बागपत, उप्र में हुआ था। कैराना के एक युवक से विवाहिता के भाई की दोस्ती थी। अक्सर ही वह विवाहिता के मायके में आता रहता था। इसी दौरान उसके विवाहिता से प्रेम संबंध बन गए। जिसके चलते विवाहिता अपने मायके में ही रहने लगी। कैराना निवासी युवक ने विवाहिता को शादी का झांसा दिया और उसे लेकर कलियर में किराये का मकान लेकर रहने लगा। करीब डेढ़ साल से विवाहिता प्रेमी के साथ रह रही थी। जब विवाहिता ने प्रेमी पर शादी करने का दबाव डाला तो वह विवाहिता को कमरे पर ही छोड़कर फरार हो गया। विवाहिता ने फोन पर जब प्रेमी से शादी करने को कहा तो उसने इन्कार कर दिया। विवाहिता के ससुराल पक्ष के लोग भी अब उसे अपने पास रखने से इन्कार कर रहे हैं। विवाहिता ने शनिवार को गंगनहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले की तहरीर दी। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। गंगनहर कोतवाली के एसएसआइ रणजीत तोमर ने बताया कि विवाहिता की तहरीर की जांच के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।