सात दिन बाद बालिग होने पर होगी लड़की की शादी
जागरण संवाददाता, रुड़की: क्षेत्र के गांव से फरार हुई लड़की की शादी अब उसके प्रेमी से सात दिन बाद होगी।
जागरण संवाददाता, रुड़की: क्षेत्र के गांव से फरार हुई लड़की की शादी अब उसके प्रेमी से सात दिन बाद होगी। लड़की के बालिग होने में सात दिन का समय बचा है। पुलिस ने फिलहाल लड़की को बरामद कर उसे परिजनों की सुपुर्दगी में दिया था।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के गांव की एक नाबालिग लड़की का लक्सर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। लड़की के बालिग होने में सात दिन का समय बचा है। प्रेमी युगल ने रविवार को घर से भागने की योजना बनाई। युगल की योजना थी वह घर से भागकर सात दिन बाद शादी कर लेंगे। लेकिन जैसे ही युगल लक्सर पहुंचा तो पुलिस को इसकी भनक लग गई। लक्सर पुलिस ने संदेह होने पर इन्हें पकड़ लिया और पूछताछ की। जब पुलिस को पता चला कि लड़की रुड़की की है तो सिविल लाइंस पुलिस को सूचना दी गई। जिस पर सिविल लाइंस पुलिस उसे लेकर रुड़की आ गई। हालांकि लड़की के परिजनों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी थी। पुलिस ने लड़की को उसकी परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस साधना त्यागी ने बताया कि लड़की और युवक के परिजन दोनों की शादी को तैयार हो गए। सात दिन बाद लड़की के बालिग हो जाने पर उसकी शादी उसके प्रेमी से कर दी जाएगी।