मनीष सिसोदिया ने जनता से पूछा सवाल, 'क्या कर्नल अजय कोठियाल जैसे देशभक्त को उत्तराखंड में मुख्यमंत्री होना चाहिए'
दिल्ली सरकार में उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि मैं उत्तराखंड की जनता से यह सवाल पूछने आया हूं कि क्या कर्नल अजय कोठियाल जैसे देशभक्त को उत्तराखंड में मुख्यमंत्री होना चाहिए। इस सवाल को लेकर उन्होंने युवाओं महिलाओं पुरुषों प्रोफेशनल आदि से बातचीत की है।
जागरण संवाददाता, रुड़की। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में कर्नल अजय कोठियाल का नाम उछाल दिया। उन्होंने कहा कि वह जनता से यह सवाल पूछने आए हैं कि क्या कर्नल अजय कोठियाल जैसे व्यक्ति को भावी मुख्यमंत्री होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सवाल पर समाज के विभिन्न तबकों से सकारात्मक जवाब मिला है।
दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार में उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया गुरुवार को रुड़की पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता के पास दो विकल्प हैं। पहली भाजपा सरकार है जो बार-बार मुख्यमंत्री का चेहरा बदल रही है। त्रिवेंद्र सिंह रावत व तीरथ सिंह रावत के बाद अब पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के नए मुख्यमंत्री हैं।
सिसोदिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे में जनता के पास एक तरफ निकम्मे, भ्रष्टाचारी और भ्रष्टाचार को संरक्षण देने वाले नेता हैं, तो दूसरी तरफ कर्नल अजय कोठियाल जैसे देशभक्त और देवभूमि के लाल हैं, जिनका जीवन देश के लिए समर्पित रहा है। उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री के चेहरे से संबंधित सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह पार्टी, कार्यकर्त्ता और प्रदेश की जनता तय करेगी। वहीं उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
उत्तराखंड में पलायन और बेरोजगारी के मुद्दे पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि प्रदेश में अच्छी शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं न मिलना एक बड़ी समस्या है। यही पलायन व बेरोजगारी की मुख्य वजह हैं। आम आदमी पार्टी ऐसी शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगी, जिससे रोजगार उत्पन्न किया जा सकेगा। इससे पूर्व नारसन बार्डर पहुंचने पर मनीष सिसोदिया का कार्यकर्त्ताओं ने स्वागत किया। इस मौके पर आप नेता कर्नल अजय कोठियाल और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-Uttarakhand Politics: उत्तराखंड कांग्रेस में भी कार्यकारी अध्यक्षों का फार्मूला, पढ़िए पूरी खबर