विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरोग्यम अस्पताल विवाद: विधायक ममता राकेश के बेटे पर केस, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भगवानपुर थाने पर जोरदार प्रदर्शन

Published: Fri, 18 Sep 2026 04:22 PM (IST)

भगवानपुर के आरोग्यम अस्पताल में मरीज के उपचार को लेकर हुए विवाद में विधायक ममता राकेश के बेटे अभिषेक राकेश व समर्थकों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, भगवानपुर। भगवानपुर क्षेत्र के आरोग्यम अस्पताल में मरीज के उपचार को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस कार्रवाई से क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।

भगवानपुर पुलिस द्वारा भगवानपुर कांग्रेस विधायक ममता राकेश के बेटे अभिषेक राकेश व उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भगवानपुर थाने का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को विधायक के बेटे अभिषेक राकेश करीब 50-60 लोगों के साथ करौंदी स्थित आरोग्यम अस्पताल पहुंचे थे। वहां एक मरीज के उपचार के संबंध में बातचीत के दौरान डॉक्टरों व अस्पताल कर्मियों के साथ उनका विवाद हो गया।

आरोप है कि बातचीत देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई और विधायक पुत्र व उनके समर्थकों ने अस्पताल कर्मी के साथ मारपीट की। अस्पताल प्रबंधन की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभिषेक राकेश व उनके साथियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया।

मुकदमों की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भगवानपुर थाने पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उनकी तरफ से भी मामले की लिखित तहरीर पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया। कांग्रेसियों ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि पुलिस सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के भारी दबाव में काम कर रही है और विपक्षी नेताओं व कार्यकर्ताओं को मानसिक रूप से परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है।

विधायक ममता राकेश भी धरने पर बैठीं

हंगामे की सूचना मिलते ही विधायक ममता राकेश भी तुरंत थाने पहुंचीं और धरने पर बैठकर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि कानून सबके लिए समान होना चाहिए।

पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए थी, लेकिन एकतरफा कार्रवाई करके पुलिस ने अपनी निष्पक्षता खो दी है। फिलहाल थाने पर कांग्रेसियों का हंगामा और धरना प्रदर्शन जारी है।

यह भी पढ़ें- भगवानपुर में आरोग्यम अस्पताल में विधायक ममता राकेश के बेटे और डॉक्टर के बीच मारपीट, हथियार लहराने का आरोप