मदरसे के शिक्षक पर चाकू से हमला, घायल
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: पथरी थानाक्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में बुधवार देर रात एक मदरसे के शिक्ष
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: पथरी थानाक्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में बुधवार देर रात एक मदरसे के शिक्षक पर चार लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। जांघ पर चाकू लगने से शिक्षक घायल हो गया। शोर मचाने पर हमलावर भाग निकले। पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। घटना के पीछे पैसों के लेनदेन का मामला निकल कर सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस को घटना संदिग्ध लग रही है।
पुलिस के मुताबिक गांव हलवाखेड़ी, भारापुर भौरी निवासी माजिद पुत्र रियाजुल इब्राहिमपुर गांव के मदरसे में बच्चों को उर्दू व अरबी पढ़ाते हैं। बुधवार रात उसने पुलिस को फोन कर बताया कि देर रात करीब डेढ़ बजे कुछ लोगों ने दरवाजा खटखटाया। जैसे ही वह बाहर निकला, उन्होंने चाकू से हमला कर दिया। हाथापाई के दौरान माजिद की जांघ पर चाकू लगा। शोर मचाते हुए वह अंदर की तरफ भागा। शोर सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर निकलने लगे तो हमलावर भाग निकले। तब माजिद ने पुलिस को फोन किया। रात में ही पुलिस गांव पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। घायल माजिद ने पुलिस को बताया कि हमलावर मंगलौर व मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं। उसने पुलिस को लिखित तहरीर भी दी। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल भिजवाया। एसओ पथरी दीपक कठैत ने बताया कि हाफिज का जमीन की खरीद फरोख्त में मंगलौर व मुजफ्फरनगर के कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। चाकू मारने की घटना संदिग्ध लग रही है। फिर भी तहरीर के आधार पर हर एंगल से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।