निरीक्षण को कायाकल्प की टीम आज पहुंचेगी अस्पताल
सिविल अस्पताल में बुधवार को दिल्ली से कायाकल्प की टीम निरीक्षण के लिए पहुंचेगी। निरीक्षण को लेकर मंगलवार को पूरा दिन स्टाफ तैयारियां करता नजर आया। अस्पताल में सफाई भी कराई जा रही है।
संवाद सहयोगी, रुड़की: सिविल अस्पताल में बुधवार को दिल्ली से कायाकल्प की टीम निरीक्षण के लिए पहुंचेगी। निरीक्षण को लेकर मंगलवार को पूरा दिन स्टाफ तैयारियां करता नजर आया। अस्पताल में सफाई भी कराई जा रही है।
सिविल अस्पताल रुड़की का पिछले वर्ष कायाकल्प की टीम ने निरीक्षण किया था। निरीक्षण में अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं टीम को चकाचक मिली थी। इसके चलते प्रदेश में सिविल अस्पताल रुड़की प्रथम स्थान पर आया था। अस्पताल को इसके लिए 15 लाख रुपये का पुरस्कार भी मिला था। इस साल भी सिविल अस्पताल रुड़की ने कायाकल्प में अपना रजिस्ट्रेशन कराया था। इसके चलते बुधवार को दिल्ली से कायाकल्प की एक टीम सिविल अस्पताल पहुंच रही है। हालांकि टीम को जनवरी में आना था, लेकिन जनवरी में टीम का यह दौरा स्थगित हो गया था। टीम के निरीक्षण को लेकर मंगलवार को अस्पताल प्रशासन तैयारियों में जुटा नजर आया। अस्पताल के वार्ड, शौचालय, ओपीडी और परिसर में विशेष सफाई कराई गई। अस्पताल प्रशासन का पूरा प्रयास है कि इस बार भी कायाकल्प का प्रथम पुरस्कार सिविल अस्पताल ही जीते।