विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेईई एडवांस्ड-2026: 1.79 लाख छात्रों का डेटा लीक, आईआईटी रुड़की ने मानी खामी

By Rena Edited By: Nirmala Bohra
Published: Wed, 03 Jun 2026 06:01 PM (IST)

एक साइबर सुरक्षा शोधकर्ता ने जेईई एडवांस्ड-2026 के डेटा लीक का खुलासा किया, जिसमें लाखों छात्रों के परिणाम और एडमिट कार्ड बिना ऑथेंटिकेशन के एक्सेस किए जा सकते थे।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रुड़की। एक साइबर सुरक्षा शोधकर्ता की ओर से जेईई एडवांस-2026 का डेटा लीक होने का मामला प्रकाश में लाया गया है। जिसमें शोधकर्ता ने दावा किया कि करीब 1.79 लाख नतीजों के रिकॉर्ड एवं लगभग 1.87 लाख एडमिट कार्ड की पीडीएफ फाइलें बिना किसी ऑथेंटिकेशन के एक्सेस की जा सकती थी।

वहीं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की ने यह मामला सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर इसका जवाब देते हुए प्राथमिकता के आधार पर इस समस्या का समाधान करने की बात कही है। संस्थान का यह भी कहना है कि प्रभावित लोकेशन पर स्टोर किया गया डेटा ''''रीड ओनली मोड'''' पर था। इसलिए रिकॉर्ड में किसी प्रकार के बदलाव एवं छेड़छाड़ की संभावना नहीं थी।

रीड ओनली मोड पर था डेटा

देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड-2026 का आयोजन आईआईटी रुड़की की ओर से किया गया था। 31 मई की देर रात संस्थान ने जेईई एडवांस्ड-2026 का परीक्षा परिणाम घोषित किया था।

वहीं जेईई एडवांस्ड का परिणाम जारी होने के बाद एक साइबर सुरक्षा शोधकर्ता राइलेन अनिल ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ''''एक्स'''' पर दावा किया कि जेईई एडवांस्ड-2026 से जुड़ी क्लाउड स्टोरेज कॉन्फिगरेशन की समस्या की वजह से अभ्यर्थियों से जुड़ा डेटा बिना किसी ऑथेंटिकेशन के आनलाइन लीक हो गया है।

शोधकर्ता ने दावा किया कि लगभग 1.79 लाख छात्र-छात्राओं के परीक्षा रिकॉर्ड और करीब 1.87 लाख के एडमिट कार्ड की पीडीएफ फाइलें बिना किसी ऑथेंटिकेशन के एक्सेस की जा सकती थी। उनके अनुसार लीक हुई जानकारी में अभ्यर्थियों के नाम, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर शामिल थे। उनकी पोस्ट में शेयर किए गए स्क्रीनशाट में एडमिट कार्ड फाइलों और अभ्यर्थियों से जुड़े डेटा की सूची दिखाई दे रही थी। शोधकर्ता का कहना है कि यह समस्या क्लाउड स्टोरेज कॉन्फिगरेशन में हुई खामी की वजह से हुई थी।

वहीं आईआईटी रुड़की ने ''''एक्स'''' पर सार्वजनिक रूप से जवाब देते हुए इस समस्या को सामने लाने पर साइबर सुरक्षा शोधकर्ता का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उनके इस कदम को नैतिक एवं जिम्मेदार बताया है। संस्थान ने माना है कि क्लाउड स्टोरेज सिस्टम में कॉन्फिगरेशन से संबंधित कोई समस्या थी। इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है।

वहीं संस्थान की ओर से यह भी कहा गया है कि प्रभावित लोकेशन पर स्टोर किया गया डेटा ''''रीड ओनली मोड'''' पर था। जिस कारण इस रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार के बदलाव व छेड़छाड़ की संंभावना नहीं थी। विदित है कि जेईई एडवांस्ड-2026 में कुल 1,87,389 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। जिनमें से 1,79,694 उम्मीदवारों ने 17 मई 2026 को आयोजित परीक्षा के पेपर एक और पेपर दो दोनों में भाग लिया था। इस परीक्षा में कुल 56,880 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए हैं। कुल उत्तीर्ण उम्मीदवारों में से 10,107 महिला उम्मीदवार हैं।

यह भी पढ़ें- जेईई एडवांस्ड रिजल्ट के बाद आज से जोसा काउंसलिंग शुरू, जानें IIT-NIT का कट-ऑफ और सीटिंग गणित

यह भी पढ़ें- JEE Advanced Result: कठिनाइयों का सामना कर आत्मविश्वास से आगे बढ़ते हुए हर्षित बने जेईई एडवांस्ड में मेरठ के टॉपर