हाईवे पर लगा जाम वाहन चालक हुए बेहाल
हाईवे पर जाम लगने से वाहन चालक बेहाल रहे। जाम के चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लगी।
जागरण संवाददाता, रुड़की: हाईवे पर जाम लगने से वाहन चालक बेहाल रहे। जाम के चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लगी। इस दौरान कोई पुलिसकर्मी जाम खुलवाने मौके पर नहीं आया। इसके अलावा शहर में भी दिल्ली-हरिद्वार रोड पर जाम लगता रहा।
हाईवे पर जाम लगने का सिलसिला कई दिनों से चल रहा है। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सालियर गांव में अंडरपास है। सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक ट्रैक्टर ट्रॉली, जिसमें चारा लदा था। ओवरब्रिज को जोड़ने वाली सर्विस लेन पर जैसे ही चारा लदी ट्रैक्टर ट्रॉली पहुंची तो जाम लग गया। ट्रॉली में चारा इस कदर लदा था कि ट्रॉली के दोनों तरफ करीब दो फीट तक किसी भी वाहन को निकलने का रास्ता नहीं मिला, जिसके चलते जाम की स्थिति बन गई। देखते ही देखते सड़क पर दोनों तरफ के वाहन रुक गए। सर्विस लेन पर करीब आधा किमी लंबी लाइन लग गई। जिसके बाद हाईवे पर भी जाम लग गया। जाम में फंसे लोग पुलिस को फोन करते रहे लेकिन मौके पर कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा। कुछ ग्रामीणों ने खुद ही सड़क पर उतरकर किसी तरह से जाम खुलवाया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। वहीं दोपहर के समय दिल्ली रोड पर रोडवेज बस अड्डे, पुरानी कहचरी, सेना चौक, ओवरब्रिज पर भी जाम लगता रहा।
---------------
बाजारों की व्यवस्था बनाने में पुलिस नाकाम
रुड़की: त्योहारी सीजन में बाजारों की व्यवस्था बनाने में पुलिस पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। जिसके चलते बाजारों में जाम लग रहा है। शहर के मेनबाजार, बीटी गंज और सिविल लाइंस बाजार में चौपहिया वाहन प्रवेश कर रहे हैं। जबकि पुलिस ने इन तीनों बाजार को जीरो जोन घोषित किया है। जीरो जोन में सुबह 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक चौपहिया वाहनों का प्रवेश बंद है। बावजूद इसके चौपहिया वाहन बिना किसी रोकटोक के बाजारों में घुस रहे है। जीरो जोन का पालन कराने के लिए बाजारों के प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं होने से जाम लग रहा है। शहर के लोग कई बार इसकी शिकायत पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से कर चुके हैं। इसके बावजूद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे है। इस समय बाजारों से पैदल निकलना भी दूभर हो रहा है। यातायात निरीक्षक मोहम्मद अकरम ने बताया कि बाजारों में जीरो जोन का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। बाजारों में चौपहिया वाहन लाने वालों पर भारी भरकम जुर्माना लगाया जायेगा, जिससे कि जीरो जोन का सख्ती से पालन कराया जा सके।