कलियर में अवैध संबंध के चलते पति ने पत्नी की कर दी हत्या
रुड़की के कलियर के अब्दाल साहब बस्ती में एक व्यक्ति ने पत्नी की डंडे से पीट पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
रुड़की, जेएनएन। अब्दाल साहब बस्ती में किराये के मकान रहने वाले एक व्यक्ति ने पत्नी की डंडे से पीट पीटकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या के पीछे अवैध संबंधों का शक होने की बात सामने आई है। घटना के बाद आरोपित थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने गुनाह भी कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपित पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।
मूल रूप से ग्राम व पोस्ट सिमरिया, जिला भागलपुर, बिहार निवासी हिलाल वर्तमान में पूजा कॉलोनी, गाजियाबाद, उप्र में रहता है। हिलाल गाजियाबाद में आइसक्रीम बेचने का काम करता है। पिछले करीब दो माह से उसकी पत्नी शगुफ्ता, उम्र 35 की तबीयत खराब चल रही थी। जिसके चलते वह कलियर दरगाह में पत्नी की हाजरी लगवाने आता था। करीब पांच दिन पहले वह कलियर दरगाह में पत्नी की हाजरी लगवाने के लिए बेटे नय्यर बिलाल (14) के साथ कलियर में आया था। अब्दाल साहब बस्ती में उसने किराये पर कमरा लिया था। हिलाल को शक था कि उसकी पत्नी का किसी के साथ अवैध संबंध है। इसके चलते ही दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका है। शुक्रवार रात इसी बात को लेकर इनके बीच विवाद हुआ।
विवाद के बाद पत्नी सो गई। बताया गया है कि तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच आरोपित ने गुस्से में आकर एक डंडे से उसके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कमरे में ही सो रहे बेटे को इसकी भनक नहीं लगी। हत्या करने के बाद आरोपित करीब साढ़े चार बजे कलियर थाने जा रहा था। इसी बीच दो चेतक पुलिसकर्मी उसे रास्ते में मिले। आरोपित ने उन्हें पत्नी की हत्या करने की बात बताई। पुलिसकर्मियों को उसकी बात पर यकीन नहीं हुआ। पुलिसकर्मी उसे लेकर थाने पहुंचे। वहां पर भी उसने पुलिस को यही बात बताई। जिसके बाद थाना प्रभारी अजय कुमार आरोपित को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को कमरे में महिला का लहूलुहान शव बरामद हुआ।
घटनास्थल पर ही पुलिस को हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद हुआ। पुलिस ने बेटे नय्यर बिलाल से पूछताछ की, लेकिन उसने बताया कि हत्या के समय वह सो रहा था। सीओ चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपित को अपनी पत्नी के अवैध संबंधों का शक था। इसके लेकर कई बार विवाद हो चुका है। रात को भी विवाद हुआ था। जिसके बाद आरोपित ने सोते हुए पत्नी की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने मकान मालिक अफसर निवासी नगला इमरती की तहरीर पर हिलाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें: गय्यूर की हत्या में और भी लोग थे शामिल, जानिए
यह भी पढ़ें: प्यार में पड़े सनकी आशिक ने रेता गला, पहले इस तरह करता था खुद को टॉर्चर
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप