उमस ने किया हाल बेहाल पसीने से तर-बतर
बरसात के कारण प्रचंड गर्मी व उमस से मिली कुछ दिन की राहत के बाद फिर से शहरवासियों का हाल बेहाल हो गया है।
रुड़की : बरसात के कारण प्रचंड गर्मी और उमस से मिली कुछ दिन की राहत के बाद फिर से शहरवासियों का हाल बेहाल हो गया है। सोमवार को जनता को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
सावन के महीने में भी शहरवासियों को आग उगलती गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। जिस कारण जनता की रातों की नींद और दिन का चैन गायब हो गया है। सोमवार को उमस ने दिनभर शहरवासियों को पसीने से तर-बतर किए रखा। वहीं सुबह से लेकर शाम तक बादलों की आवाजाही का खेल चलता रहा, लेकिन बादल बिन बरसे ही लौट गए और जनता बरसात का इंतजार करती रह गई। उधर, दिनभर में होने वाले अघोषित बिजली कट जनता की दिक्कतें और बढ़ा रहे हैं। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। आइआइटी रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को मध्यम से घने बादल छाए रहने और बरसात का पूर्वानुमान है। (जासं)