हरिद्वार में इंतजामों की खुली पोल, धूप में खड़े रहे प्रवासी Haridwar News
श्रमिक स्पेशल में महाराष्ट्र से आए 41 प्रवासियों को समस्याओं से दोचार होना पड़ा। बहादराबाद क्षेत्र के होटल संचालक ने प्रवासियों को रखने से मना कर दिया।
हरिद्वार, जेएनएन। मंगलौर कर्नाटक से गुरुवार सुबह पहुंची श्रमिक स्पेशल में महाराष्ट्र से आए 41 प्रवासियों को समस्याओं से दोचार होना पड़ा। बहादराबाद क्षेत्र के होटल संचालक ने प्रवासियों को रखने से मना कर दिया। करीब तीन घंटे प्रवासी भूखे-प्यासे सड़क पर खड़े रहे। प्रवासियों के हंगामे की सूचना पर कानूनगो संदीप सैनी मौके पर पहुंचे और उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। बाद में करीब सवा 11 बजे सभी को बस से शांतिकुंज के पास एक होटल में संस्थागत क्वरंटाइन में रखा गया। इधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने होटल ड्रीमलैंड के संचालक को नोटिस जारी करने की बात कही है।
गुरुवार सुबह 6.10 पर मंगलौर कर्नाटक से 1146 प्रवासियों को लेकर श्रमिक स्पेशल हरिद्वार पहुंची। इनमें हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग के 253 प्रवासियों को छोड़ बाकी जनपदों के प्रवासियों को रोडवेज बसों से उनके गृह जनपद भेज दिया गया। ट्रेन में पुणे महाराष्ट्र से उत्तरकाशी के 65 प्रवासी भी पहुंचे थे।
इनमें से 41 प्रवासियों को रोडवेज बस से बहादराबाद क्षेत्र के होटल ड्रीमलैंड में संस्थागत क्वरंटाइन के लिए भेजा गया। सुबह सात बजे प्रवासी होटल पहुंच गए, लेकिन इन्हें होटल में घुसने नहीं दिया गया। प्रवासियों में महिलाओं और बच्चे भी शामिल थे। इस पर प्रवासियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामे की सूचना पर पुलिस के अलावा कानूनगो संदीप सैनी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। होटल संचालक की ओर से बताया गया कि होटल से बुधवार रात कुछ प्रवासियों को घर भेजा गया। होटल सेनिटाइज न होने के चलते इन्हें घुसने से रोका गया। बाद में सबको रोडवेज बस से दोपहर सवा ग्यारह बजे शांतिकुंज क्षेत्र के होटल कीर्ति हैरिटेज में रखा गया।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने किया क्वारंटाइन सेंटर का निरीक्षण
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल ने गुरुवार शाम को कलियर पहुंचकर क्वारंटाइन सेंटर का निरीक्षण कर क्वारंटाइन किए गए लोगों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी की। लोगों ने उन्हें बताया जो भोजन उनको उपलब्ध कराया जा रहा है, उसकी गुणवत्ता ठीक नहीं है। जेएम ने पता किया तो जानकारी मिली कि खाना बहादराबाद से आ रहा है। उन्होंने बहादराबाद से आ रहे खाने को बंद करा दिया है। साथ ही, कलियर में ही एक व्यक्ति को खाना बनाने का आर्डर देने के निर्देश दिए। बताया कि अब केवल रेड जोन एवं सरकार की ओर से 75 शहरों से आने वाले लोगों को ही क्वारंटाइन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी क्वारंटाइन सेंटरों का अब औचक निरीक्षण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: पहले बताया गोपालगंज, फिर बरौनी के लिए भेज दी ट्रेन Dehradun News
कुश्म चौहान (एसडीएम, हरिद्वार) का कहना है कि प्रवासियों को होटल में जाने से रोकने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। होटल ड्रीमलैंड के संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा।यह भी पढ़ें: Lockdown: उत्तराखंड में फंसे बिहार के लोगों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन मोतिहारी को रवाना