अस्पताल के फिजिशियन को कोरोना, ओपीडी कराई बंद
कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को सिविल अस्पताल रुड़की के फिजिशियन में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
संवाद सहयोगी, रुड़की: कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को सिविल अस्पताल रुड़की के फिजिशियन में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जिसके बाद ओपीडी को बंद करा दिया गया। जिससे 100 से अधिक मरीजों को बिना उपचार के ही लौटना पड़ा।
सिविल अस्पताल के फिजिशियन को बुखार आ रहा था। कोरोना की आशंका को देखते हुए उन्होंने सोमवार सुबह अस्पताल में ही कोविड जांच कराई। जिसमें वह पॉजिटिव आए। फिजिशियन की रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही अस्पताल में अफरा तफरी का माहौल हो गया। उन्हें होम आइसोलेट किया गया। साथ ही ओपीडी को मरीजों, चिकित्सक एवं स्टाफ से खाली कराया गया। इसी के साथ ओपीडी का डीप सैनिटाइजेशन किया गया। ओपीडी के बंद होने से कई मरीजों को बिन उपचार के ही वापस जाना पड़ा। इससे मरीजों को काफी दिक्कत हुई। डिस्पेंसरी भी बंद करा दी गई। इससे मरीजों को दवा भी नहीं मिल पाई। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कंसल ने बताया कि फिजिशियन के कोविड पॉजिटिव आने के चलते ओपीडी को बंद कराया गया था। ओपीडी में डीप सैनिटाइजेशन कराया गया।
दारोगा में कोरोना संक्रमण की पुष्टि
कोतवाली रुड़की के एक दारोगा में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। दारोगा को होम आइसोलेट कर दिया गया है। कोतवाली रुड़की का एक दारोगा पहले ही कोविड पॉजिटिव आ चुका है। दारोगा के संपर्क में आने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर कोविड जांच कराई जाएगी।
अस्पताल में बिना मास्क घूम रहे चार व्यक्तियों का चालान
कोरोना संक्रमण को बढ़ते देख सिविल अस्पताल प्रशासन भी सख्त हो गया है। अस्पताल प्रशासन ने सोमवार को बिना मास्क आने वालों के चालान काटे। इससे अस्पताल में बिना मास्क आए मरीजों और उनके स्वजनों में हड़कंप मच गया। आनन फानन उन्होंने मास्क लगाए। जिसके पास मास्क नहीं था। उसने मुंह पर रूमाल आदि बांधा। अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने बिना मास्क घूमने वाले चार व्यक्तियों के चालान किए। उनसे 200-200 रुपये का जुर्माना लिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कंसल ने बताया कि बिना फेस मास्क अस्पताल में घूमने वालों पर अब इसी तरह से जुर्माना लगाया जाएगा।