होर्डिंग-बैनर उड़ा रहे आचार संहिता की धज्जियां
संवाद सहयोगी रुड़की नगर निगम चुनाव को लेकर आचार संहिता लगे हुए कई दिन हो गए हैं ले
संवाद सहयोगी, रुड़की: नगर निगम चुनाव को लेकर आचार संहिता लगे हुए कई दिन हो गए हैं, लेकिन शहर की सड़कों और चौराहों आदि पर लगे राजनीतिक से जुड़े लोगों के होर्डिंग और बैनर पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिससे आचार संहिता की धज्जियां खुलेआम उड़ रहीं हैं।
नगर निगम चुनाव की घोषणा हो चुकी है। आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है, लेकिन शहर इसका कोई असर फिलहाल नजर नहीं आ रहा है। शहर में तमाम जगहों पर होर्डिंग्स और बैनर लगे हुए हैं, जिनके लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई है। आदर्श आचार संहिता लगने के बाद शहर के चौराहों और सड़कों पर लगे निजी होर्डिंग्स और बैनर उतरवा दिये जाने चाहिए थे, लेकिन प्रशासन की ओर से इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि इन होर्डिंग्स व बैनर की मदद से कुछ अपना चुनाव प्रचार कर रहे हैं। एसडीएम रविद्र सिंह बिष्ट का कहना है कि इस बारे में उन्हें भी शिकायत मिली है। मंगलवार को अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में नगर आयुक्त और सहायक नगर आयुक्त को भी निर्देश दिए जा रहें हैं। आचार संहिता का उल्लघंन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।