हॉकी खिलाड़ी वंदना के भाई के घर चोरी
भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया के भाई के घर में चोरी का मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया के भाई के घर में चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोते समय परिवार के लोगों पर नशीला स्प्रे किया गया। जिससे वह बेहोश हो गए। इसके बाद घर से नगदी व जेवरात चोरी कर लिए गए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया के बड़े भाई लाखन सिंह ने सिडकुल थाने में तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार रात वह घर की छत पर सोए थे। जबकि उनकी पत्नी व बच्चे घर के अंदर सो रहे थे। लाखन सिंह का कहना है कि छत के रास्ते से चोर उनके घर में घुस आए और पूरे परिवार पर नशीला स्प्रे कर बेहोश कर दिया। जिससे पूरा परिवार गहरी नींद में चला गया। उसी दौरान चोरों ने अलमारी से करीब 10 हजार की नगदी व सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह नींद से जागने सभी का सिर भारी लगने पर उन्हें अनहोनी का शक हुआ। अलमारी का ताला टूटा मिला तो पूरी कहानी समझ आई। पंकज ने पुलिस को बताया कि पिछले साल जुलाई माह में उसके भाई के घर भी चोरी हुई थी। चोर अभी तक पकड़े नहीं जा सके हैं। वहीं सिडकुल थानाध्यक्ष प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।