पत्नी की हत्या के आरोप पर पति समेत परिजन हुए गायब
जागरण संवाददाता, रुड़की: मायके पक्ष ने विवाहिता की हत्या के आरोप लगाए तो पति और उसके घ
जागरण संवाददाता, रुड़की: मायके पक्ष ने विवाहिता की हत्या के आरोप लगाए तो पति और उसके घर के लोग मकान पर ताला लगाकर गायब हो गए। विवाहिता तो वापस लौट आई लेकिन परिजन अभी गायब हैं। पुलिस अब विवाहिता के परिजनों को तलाश कर रही है।
मेरठ निवासी एक युवती का विवाह प्रीत विहार कॉलोनी के युवक से करीब आठ साल पहले हुआ था। विवाहिता की छोटी बहन भी इसी घर में उसकी देवरानी बनकर आई है। रविवार को विवाहिता का पति से विवाद हो गया। इसके चलते ही वह बिना किसी को बताए सहारनपुर में अपनी बुआ के घर आ गई। जब विवाहिता का पता नहीं चला तो उसकी बहन ने मायके फोन किया। मायके से उसका पिता भी आ गया। पिता ने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की उसके पति ने हत्या कर दी है। जब आरोपों का उसके पति और अन्य लोगों को पता चला तो वह लोग डर के मारे मकान को ताला लगाकर भाग गए। जिससे पुलिस को भी शक गहरा गया। पुलिस ने उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज किया। सोमवार को विवाहिता अपने मायके आ गई। जब पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो पूछताछ की। जिसके बाद पूरा मामला सामने आ गया। जबकि अभी तक विवाहिता का पति और अन्य लोग घर नहीं आए हैं। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि विवाहिता के आने पर पूरा मामला साफ हो गया है।