असोम की युवती से दुष्कर्म में साधु और पीड़िता की मां गिरफ्तार, मां ने ही रची थी पूरी साजिश, पुलिस ने किया पर्दाफाश
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से असोम निवासी एक साध्वी ने असोम में तहरीर देकर शास्त्रीनगर गाजियाबाद उप्र की एक आध्यात्मिक संस्था से जुड़े लोगों पर उसकी बेटी को हरिद्वार से ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: असोम की युवती से दुष्कर्म में पुलिस ने उसकी मां और आरोपित साधु को गिरफ्तार कर लिया है। छानबीन में पता चला कि युवती की मां ने आश्रम का स्वामित्व मिलने के लालच में झूठा मुकदमा दर्ज कराया था, जबकि युवती के साथ साधु ने ही दुष्कर्म किया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हरिद्वार से ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से असोम निवासी एक साध्वी ने असोम में तहरीर देकर शास्त्रीनगर गाजियाबाद उप्र की एक आध्यात्मिक संस्था से जुड़े लोगों पर उसकी बेटी को हरिद्वार से ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। असोम पुलिस ने घटनास्थल हरिद्वार का होने के चलते जांच यहां ट्रांसफर कर दी थी।
युवती को हरिद्वार लाकर कोर्ट में कराए बयान
हरिद्वार पुलिस ने छानबीन करते हुए शास्त्री नगर गाजियाबाद निवासी मिथलेश शुक्ला और राजेश शुक्ला से संपर्क साधा तो कुछ और कहानी निकलकर सामने आई। पुलिस ने युवती को हरिद्वार लाकर कोर्ट में बयान कराए।
साधु ने कई बार युवती के साथ किया दुष्कर्म
शहर कोतवाल राकेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि युवती अपनी मां नारायणी देवी उर्फ बोन्टी डेका के साथ सुभाषनगर गली नंबर पांच निकट शंकर आश्रम ज्वालापुर में रह रही थी। उसकी मां का कृष्णमुरारी निवासी श्री वृंदावन धाम, रानीगली भूपतवाला के यहां आना-जाना था। वह अपनी बेटी को भी आश्रम में ले जाती थी। आरोप है कि आश्रम में ठहरने के दौरान आरोपित साधु ने कई बार युवती के साथ दुष्कर्म किया। बेटी ने मां को आपबीती बताई तो मां ने चुप रहने की नसीहत दी।
पीड़िता की मां ने झूठा मुकदमा करा दिया दर्ज
बेटी के विरोध करने पर उसने बेटी को शास्त्रीनगर गाजियाबाद में एक आध्यात्मिक संस्था में रहने भेज दिया। युवती के बताने पर आध्यात्मिक संस्था के पदाधिकारियों ने पूरा मामला उजागर करने का प्रयास किया तो पीड़िता की मां ने असोम पहुंचकर झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। कोतवाल ने बताया कि साध्वी को लालच था कि साधु उसे अपना आश्रम सौंप देगा। इसकी चाह में उसने बेटी के साथ दुष्कर्म का विरोध नहीं किया। बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।