विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गणेश चतुर्थी पर ननिहाल में विराजे गजानंद, अर्धकुंभ-2027 की थीम से सजा पंडाल बना आकर्षण का केंद्र

Published: Mon, 14 Sep 2026 04:57 PM (IST)

हरिद्वार में गणेश चतुर्थी पर गणपति उत्सव धूमधाम से मनाया गया, जहां श्री महामाया गणपति संगठन ने अर्धकुंभ-2027 की थीम ...और पढ़ें

HighLights

  1. हरिद्वार में गणेश चतुर्थी पर गणपति उत्सव का आयोजन।

  2. पंडाल को अर्धकुंभ-2027 की थीम पर आकर्षक रूप से सजाया गया।

  3. समुद्र मंथन की भव्य झांकी श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण।

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में भगवान गणेश की विधि-विधान के साथ स्थापना की गई। भगवान शिव की ससुराल और भगवान गणेश का ननिहाल माने जाने वाले हरिद्वार में गणपति उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शहर में जगह-जगह गणपति प्रतिमाएं स्थापित की गईं।

इसी क्रम में प्रसिद्ध गीता भवन में श्री महामाया गणपति संगठन की ओर से विशेष आयोजन किया गया। इस बार गणपति महोत्सव के लिए पंडाल को अर्धकुंभ-2027 की थीम पर सजाया गया है। पंडाल में समुद्र मंथन की भव्य झांकी तैयार की गई है, जिसमें भगवान गणेश के साथ कुंभ और सनातन परंपरा से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को दर्शाया गया है।

गणपति पंडाल में समुद्र मंथन का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। श्री महामाया गणपति संगठन की ओर से हर वर्ष गणपति महोत्सव के दौरान अलग-अलग थीम पर पंडाल तैयार किया जाता है। इस बार संगठन ने आगामी अर्धकुंभ को ध्यान में रखते हुए पंडाल को अर्धकुंभ की थीम देने का निर्णय लिया।

पंडाल की सजावट में अर्धकुंभ-कुंभ की धार्मिक और आध्यात्मिक परंपरा के साथ समुद्र मंथन को प्रमुखता दी गई है। गणेश चतुर्थी के अवसर पर साधु-संतों और अर्धकुंभ मेला प्रशासन से जुड़े अधिकारियों की मौजूदगी में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई।

स्थापना के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि तथा अर्धकुंभ के सफल आयोजन की कामना की। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने अर्धकुंभ को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का संकल्प लिया है। इस दिशा में साधु-संतों के साथ ही हरिद्वार के नागरिक भी अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।

गणपति पंडाल को अर्धकुंभ की थीम पर सजाकर श्री महामाया गणपति संगठन ने अर्धकुंभ की तैयारियों के प्रति अपनी सहभागिता का संदेश दिया है। अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती ने कहा कि अर्धकुंभ की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। अर्धकुंभ को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम किया जा रहा है।

साधु-संतों से लेकर हरिद्वार के नागरिकों तक सभी का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मेला प्रशासन की ओर से कुंभ से जुड़े कार्यों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को कुंभ के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

अपर मेला अधिकारी ने गणेश चतुर्थी पर लगाए गए गणपति पंडाल की सराहना करते हुए कहा कि अर्धकुंभ की थीम पर तैयार यह पंडाल अपने आप में आकर्षण का केंद्र है। समुद्र मंथन का दृश्य पहली बार इस तरह धर्मनगरी में देखने को मिल रहा है। पंडाल की सजावट भी बेहद आकर्षक ढंग से की गई है।

श्री महामाया गणपति संगठन से जुड़े पंडित देवेंद्र कश्यप ने बताया कि संगठन की ओर से हर वर्ष गणपति महोत्सव को अलग-अलग थीम के साथ मनाया जाता है। पिछले वर्षों में भी विभिन्न विषयों पर आधारित पंडालों को श्रद्धालुओं और हरिद्वारवासियों की सराहना मिली है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में होने वाले अर्धकुंभ को लेकर मेला प्रशासन, साधु-संत और स्थानीय लोग तैयारियों में जुटे हैं।

गणपति महोत्सव के दौरान कई दिनों तक पंडाल में धार्मिक कार्यक्रम और पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार भगवान गणेश की प्रतिमा का 25 सितंबर को मां गंगा में पूरे हर्षोल्लास और धार्मिक विधि-विधान के साथ विसर्जन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उज्ज्वल पंडित, पंडित अधीर कौशिक, मोनिका माता, अरुण पाठक, गगन बंसल आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- ब्रिटेन में काशी-हरिद्वार जैसा नजारा, लंदन की टेम्स नदी के किनारे पहली बार हुई गंगा आरती