यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 09, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुस्लिम युवती को 'अंकल' ने दो लाख में बेचा, खरीदने वाले ने हिंदू रीति रिवाज से की शादी, फिर किया घिनौना अपराध
Haridwar Crime युवती को सहारनपुर ले जाकर दो लाख रुपये में दूसरे समुदाय के व्यक्ति को बेचने का मामला सामने ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरिद्वार : Haridwar Crime : सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करने वाली बिहार की एक युवती को सहारनपुर ले जाकर दो लाख रुपये में दूसरे समुदाय के व्यक्ति को बेचने का मामला सामने आया है।
जबरन शादी कराते हुए कई महीने तक बंधक बनाकर रखा
आरोप है कि वहां युवती की जबरन शादी कराते हुए कई महीने तक बंधक बनाकर रखा गया। मारपीट कर दुष्कर्म किया जाता रहा। डीआइजी गढ़वाल करण सिंह नाग्नयाल के निर्देश पर सोमवार को सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करती थी युवती
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से बिहार के रोहतास जिला निवासी एक युवती सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करती थी। उसने क्षेत्र में ही किराये पर मकान लिया हुआ था। पड़ोस में रहने वाले अधेड़ उम्र के राजकुमार से जान पहचान होने के कारण वह उसे अंकल कहकर बुलाती थी।
अनजान जगह पर ले जाकर हिंदू रीति रिवाज से शादी कराई
आरोप है कि मार्च के महीने में राजकुमार ने उसे घुमाने का बहाना बनाया और अपने एक साथी पिंकेश को गाड़ी लेकर बुलाया। आरोप है कि सहारनपुर ले जाकर खरीदारी करने का झांसा देते हुए उसे एक गांव में नीटू गुर्जर नामक शख्स को बेच डाला।
इसके बाद युवती को किसी अनजान जगह पर ले जाकर हिंदू रीति रिवाज से शादी कराई गई। जबकि युवती मुस्लिम है। आरोप है कि शादी से मना करने पर आरोपितों ने उसे राजकुमार से दो लाख रुपये में खरीदकर लाने के बात बताई। इसके बाद बंधक बनाकर उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता ने डीआइजी गढ़वाल को पूरे मामले की जानकारी दी
कुछ महीने पहले वह किसी तरह उनके चंगुल से छूट कर भाग आई। पुलिस में सुनवाई न होने पर पीड़िता ने डीआइजी गढ़वाल को पूरे मामले की जानकारी दी। तब डीआइजी के निर्देश पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर सिडकुल प्रमोद उनियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
