महिला नेता की बेटी से दुष्कर्म का मामला, दूसरा आरोपित गिरफ्तार; किया सनसनीखेज खुलासा
हरिद्वार में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपित को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर बेटी का यौन शोषण किया। पुलिस ने महिला नेता और उसके प्रेमी को पहले ही जेल भेज दिया है। शुभम ने दुष्कर्म से इनकार किया है।

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष की बेटी से दुष्कर्म के दूसरे आरोपित को पुलिस ने शाहपुर मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ग्राम अमरसिंहपुर मवाना थाना किला परिक्षित गढ मेरठ का निवासी है। लेकिन हरिद्वार से भागकर मुजफ्फरनगर में अपनी मौसी के घर छिपा हुआ था।
नाबालिग बेटी का यौन शोषण कराने की आरोपित महिला नेता और उसके कथित प्रेमी को पुलिस एक दिन पहले ही जेल भेज चुकी है। अब उसके मित्र शुभम को भी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
रानीपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला नेता के पति ने बुधवार को मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि उसकी पत्नी ने अपनी नाबालिग बेटी का यौन शोषण कराया है। दरअसल, पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। पत्नी कई महीनों से अपने कथित प्रेमी सुमित पटवाल के साथ रह रही थी। एक महीने पहले 13 साल की बेटी अपने पिता के पास रहने चली गई। कुछ दिन से बेटी गुमसुम होने पर पिता ने उससे कारण पूछा।
तब किशोरी ने बताया कि मां ने अपने कथित प्रेमी सुमित पटवाल व दोस्त शुभम से उसका यौन शोषण कराया है। किशोरी का कहना था कि भेल स्टेडियम के पास पहली बार जनवरी 2025 में उसके साथ दुष्कर्म हुआ। इसके बाद वृंदावन और आगरा घूमने के दौरान भी दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
मामला नाबालिग के यौन शोषण से जुड़ा होने के चलते पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल कराया। इसके बाद आरोपित महिला नेता व उसके कथित प्रेमी सुमित पटवाल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
फरार शुभम की गिरफ्तारी के लिए रानीपुर कोतवाल कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में गठित टीम ने संभावित जगहों पर दबिश दी। पता चला कि आरोपित अपनी मौसी के घर शाहपुर मुजफ्फरनगर छिपा है। पुलिस ने शाहपुर में छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। हरिद्वार लाकर कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट, एएसआई विजय नेगी, कांस्टबेल गंभीर तोमर व अजय कुमार शामिल रहे।
मां ने ही बेटी को कमरे में भेजा
हरिद्वार: आरोपित शुभम सिडकुल की जीनस कंपनी में काम करता है। सुमित पटवाल से उसकी गहरी दोस्ती है। इसलिए दोनों अक्सर साथ रहते और घूमते थे। यही वजह है कि सुमित व महिला नेता के वृंदावन और आगरा घूमने जाने के दौरान भी शुभम उनके साथ गया था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर घटना के संबंध में पूछताछ की।
सूत्र बताते हैं कि उसने महिला नेता पर ही आरोप लगाया। उसका कहना था कि आगरा और वृंदावन घूमने के दौरान उन्होंने होटल में दो कमरे लिए थे। एक कमरे में सुमित और महिला नेता रुके। जबकि महिला नेता ने खुद उसे दूसरे कमरे में अपनी बेटी के साथ रुकने के लिए भेजा था। हालांकि, दुष्कर्म की बात से उसने इन्कार किया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।