अर्ध कुंभ कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, गंग नहर बंदी में दिन-रात होगा घाटों का निर्माण
मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने हरिद्वार में अर्ध कुंभ कार्यों की समीक्षा की, जिसमें गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर दिया गया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने शुक्रवार को सीसीआर सभागार में अर्धकुंभ निर्माण कार्यों की प्रगति और विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। इसके लिए सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण में तेजी लाने के साथ पर्याप्त श्रमिकों, मशीनरी और निर्माण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
मंडलायुक्त ने कहा कि मेले के लिए विकसित की जा रही अवस्थापना सुविधाओं को समय पर तैयार करना प्राथमिकता है। सभी कार्यदायी संस्थाएं नियमित रूप से निर्माण कार्यों की निगरानी करें और जहां अतिरिक्त श्रमिकों या मशीनरी की जरूरत है, वहां तत्काल व्यवस्था की जाए।
उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का समय रहते समाधान करने के निर्देश दिए। घाटों के निर्माण की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने गंग नहर की क्लोजर अवधि का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नहर बंदी के दौरान होने वाले निर्माण कार्यों की कार्ययोजना पहले से तैयार रखी जाए। निर्माण सामग्री, मशीनरी और श्रमिकों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि काम शुरू होने के बाद संसाधनों की कमी से समय बर्बाद न हो।
घाटों के साथ सड़कों और पुलों के निर्माण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारों के मद्देनजर श्रमिकों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए अग्रिम व्यवस्था करने को कहा गया। मंडलायुक्त ने कहा कि त्योहारों के दौरान श्रमिकों की संभावित कमी को ध्यान में रखते हुए अभी से आवश्यक प्रबंध किए जाएं, जिससे निर्माण कार्यों की गति प्रभावित न हो। उन्होंने अधिकारियों को नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूरे कराने के निर्देश भी दिए।
काउंटडाउन मोड में चल रही तैयारी
मेलाधिकारी सोनिका ने बैठक में बताया कि अर्ध कुंभ मेले की तैयारियों को गति देने के लिए सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण स्थलों पर श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए दिन-रात काम कराया जा रहा है।
तैयारियों को काउंटडाउन मोड में आगे बढ़ाते हुए प्रतिदिन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जा रही है, ताकि मेले के आयोजन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जा सकें।
बैठक में आइजी कुंभ डा योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी दीपक सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, डीपी सिंह, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
