अर्धकुंभ में रेल यात्रियों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की तैयारी, मोबाइल पर ही मिलेगी ट्रेनों की हर डिटेल
रेलवे अर्धकुंभ 2027 के लिए हरिद्वार में डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा दे रहा है। यात्रियों को रेल वन ऐप सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी देने के लिए व्यापक अभियान चलेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
अर्धकुंभ 2027 के लिए रेलवे की डिजिटल तैयारी।
यात्रियों को रेल वन ऐप की जानकारी दी जाएगी।
स्टेशन, धर्मशालाओं में प्रचार सामग्री लगाई जाएगी।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। अर्धकुंभ 2027 को लेकर रेलवे की तैयारियों में अब डिजिटल सुविधाओं के प्रचार-प्रसार को भी प्रमुखता दी जा रही है। देशभर से हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को रेलवे की डिजिटल सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इसके तहत रेलवे स्टेशन परिसर के साथ ही धर्मशालाओं, आश्रमों और यात्रियों के ठहरने वाले अन्य प्रमुख स्थानों पर प्रचार सामग्री लगाकर डिजिटल सेवाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।
अभियान में विशेष रूप से रेल वन एप के प्रचार पर जोर रहेगा। यात्रियों को एप की उपयोगिता और इससे मिलने वाली सुविधाओं के बारे में सरल तरीके से जानकारी दी जाएगी। स्टेशन परिसर में बैनर, पोस्टर और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए यात्रियों को बताया जाएगा कि मोबाइल के माध्यम से रेलवे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां आसानी से प्राप्त की जा सकती हैं।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के बिजली कर्मियों की हड़ताल पर सरकार का बड़ा फैसला, एनर्जी कॉरपोरेशन में 6 महीने तक स्ट्राइक पर रोक
रेल वन एप के माध्यम से यात्री ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान, ट्रेन की स्थिति, टिकट संबंधी सुविधाओं सहित रेलवे की विभिन्न सेवाओं का डिजिटल माध्यम से लाभ उठा सकते हैं। अर्धकुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान जब रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाएगी। ऐसे में डिजिटल माध्यम यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
स्थानीय धर्मशालाओं, आश्रमों और अन्य प्रमुख स्थानों पर रेल वन एप से संबंधित बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाने में शांतिकुंज के प्रतिनिधियों के अलावा विभिन्न संस्थाओं की मदद ली जाएगी। ताकि अधिक से अधिक यात्री रेलवे की डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठा सके।
महेश यादव, सीनियर डीसीएम मुरादाबाद
