हरिद्वार पहुंचीं 'हनुमान अंश' की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर, दक्षिण काली मंदिर में की पूजा-अर्चना
फिल्म 'हनुमान अंश' की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने हरिद्वार के दक्षिण काली मंदिर में पूजा-अर्चना की और आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद महाराज से आशीर्वाद लिया।
HighLights
फिल्म 'हनुमान अंश' की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर हरिद्वार पहुंचीं
उन्होंने दक्षिण काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया
अनुप्रिया ने फिल्म की सफलता का श्रेय संतों और ईश्वर को दिया
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। बाबा नीम करौरी के जीवन और संदेश पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के निर्माण और सफलता के बाद इसकी प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने परिवार के साथ सिद्ध पीठ दक्षिण काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान अनुप्रिया के माता-पिता और दादा-दादी भी उनके साथ मौजूद रहे।
अनुप्रिया नागर ने फिल्म की सफलता का श्रेय संतों और ईश्वर के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म के माध्यम से भारतीय संस्कृति और संतों की सीख को जन-जन और विशेषकर बच्चों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी से लेकर विराट कोहली तक बाबा नीम करौरी के भक्त, उत्तराखंड में हैं चार धाम... अद्भुत किस्से
स्वामी कैलाशानंद महाराज ने बताया कि अनुप्रिया लंबे समय से उनकी साधना और अनुष्ठानों से प्रेरित रही हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म के निर्माण में करीब दो करोड़ रुपये की सेविंग लगी थी। एक समय फिल्म को लेकर फ्लॉप होने की आशंका भी बनी थी। ऐसे कठिन दौर में अनुप्रिया ने उनसे संपर्क किया।
महाराज के मुताबिक, उन्हें प्रेरणा मिली कि सब ठीक होगा। इसके बाद हनुमानजी के दर्शन हुए और धीरे-धीरे फिल्म से जुड़ी परिस्थितियां बेहतर होती चली गईं। उन्होंने फिल्म की सफलता को ईश्वर की कृपा और आशीर्वाद का परिणाम बताया।
मंदिर में स्वामी कैलाशानंद महाराज ने अनुप्रिया को महादेव का प्रसाद और माला भेंट कर आशीर्वाद दिया। अनुप्रिया ने भी संतों के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए फिल्म की सफलता के लिए उनका आभार जताया।
