छत के कुंडे से लटका मिला युवक का शव
कंपनी सुपरवाइजर ध्रुव यादव का शव छत के कुंडे से लटका मिला।
संवाद सूत्र, बहादराबाद : कंपनी सुपरवाइजर ध्रुव यादव का शव छत के कुंडे से लटका मिला। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के गांव नगरिया यादवान के मूल निवासी निवासी 26 वर्षीय ध्रूव यादव दौलतपुर स्थित केएसएस ऑटो लिमिटेड कंपनी में बतौर सुपरवाइजर काम करता था और दौलतपुर में ही किराये के मकान पर रह रहा था। पुलिस ने बताया कि कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ में पता चला कि शुक्रवार सुबह वह कंपनी गया और लेबर को काम समझाकर करीब 10 बजे कमरे पर आ गया। बाद में उसका शव छत के कुंडे से रस्सी से लटका मिला। दूसरी मंजिल पर रहने वाले बच्चे खेलते हुए जब उसके कमरे की ओर गए तो उन्होंने बाहर पानी बिखरा देखा। इस पर बच्चों ने खिड़की से अंदर झांका तो उन्हें यह नजारा दिखाई दिया।
उनके शोर मचाने पर घटना की जानकारी मकान मालिक को दी गई। मकान मालिक ने इसकी सूचना बहादराबाद पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने पर खिड़की की ग्रिल काट कर अंदर घुसकर दरवाजा खोला गया। ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। बहादराबाद थानाध्यक्ष गोविंद कुमार ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला हैं। जांच के बाद ही मौत के कारणों के बारे में पता चल पाएगा। घटना के बारे में मृतक युवक के स्वजनों को सूचना दे दी गई है।