महापुरुषों ने सदैव समाज को नई दिशा दी: भारती
निराला धाम की अध्यक्ष राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा कि संतों का जीवन सदैव मानवता की रक्षा के लिए समर्पित रहता है। महापुरुषों ने सदैव समाज को नई दिशा प्रदान की है।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: निराला धाम की अध्यक्ष राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा कि संतों का जीवन सदैव मानवता की रक्षा के लिए समर्पित रहता है। महापुरुषों ने सदैव समाज को नई दिशा प्रदान की है।
भूपतवाला स्थित निराला धाम आश्रम में ब्रह्मलीन निराला स्वामी लहरी बाबा महाराज की पुण्यतिथि पर श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी लहरी बाबा एक दिव्य महापुरुष थे। जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र कल्याण के लिए समर्पित किया। गंगा तट से अनेक सेवा प्रकल्प चलाकर उन्होंने सदैव गरीब, असहाय लोगों की सहायता की। मानव सेवा में उनका अतुल्य योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज ने कहा कि परमार्थ को समर्पित रहने वाले संत सदैव ही समाज को ज्ञान की प्रेरणा देकर समाज का मार्गदर्शन करते हैं और ब्रह्मलीन स्वामी लहरी बाबा तो साक्षात त्याग और तपस्या की अद्भुत प्रतिमूर्ति थे। जिन्होंने अपने तप व विद्वता के माध्यम से भारत ही नहीं अपितु विदेशों में भी भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार किया। स्वामी हरिहरानंद महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन स्वामी लहरी बाबा के जीवन का मुख्य उद्देश्य गो सेवा व गंगा सेवा का था। उन्होंने सदैव भावी पीढ़ी को संस्कारवान बनाकर संतों की सेवा के लिए प्रेरित किया। स्वामी दिनेश दास, स्वामी शिवानंद, महंत सुमितदास, स्वामी केशवानंद, महंत सूरजदास आदि उपस्थित रहे।