विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार में गंगा में डूबे गाजियाबाद के दो श्रद्धालु, प्रतिबंधित क्षेत्र में हुआ हादसा

Published: Sun, 05 Apr 2026 02:18 PM (IST)

गाजियाबाद के दो श्रद्धालु हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान डूब गए। जल पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद ...और पढ़ें

दो श्रद्धालु गंगा में डूब कर लापता। Jagran

दो श्रद्धालु गंगा में डूब कर लापता। Jagran

HighLights

  1. गाजियाबाद के दो श्रद्धालु हरिद्वार में गंगा में डूबे

  2. उत्तरी हरिद्वार के दूधियाबंद में हुआ यह दुखद हादसा

  3. स्नान प्रतिबंधित क्षेत्र में गहरे पानी में जाने से मौत

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। गाजियाबाद के दो श्रद्धालुओं की गंगा में डूबकर मौत हो गई। हादसा उत्तरी हरिद्वार के दूधियाबंद में हुआ। जहां पर स्नान प्रतिबंधित है और चेतावनी बोर्ड भी लगे हैं।

दोनों यात्री गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए। जल पुलिस के गोताखोरों ने उन्हें ढूंढने के लिए सर्च आपरेशन चलाया।

घंटों मशक्कत के बाद कुछ दूरी पर दोनों के शव बरामद हो गए। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव लेकर स्वजन गाजियाबाद रवाना हो गए।

पुलिस के मुताबिक, बृजेश कुमार त्रिपाठी (43) और सचिन त्यागी (39) निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद घनिष्ठ मित्र थे। बृजेश कुमार त्रिपाठी आइटी सेक्टर और सचिन त्यागी गारमेंट्स बिजनेस से जुड़े थे।

दोनों रविवार सुबह अपने परिवारों के साथ हरिद्वार घूमने आए थे। उत्तरी हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र स्थित दूधियाबंद के पास गंगा स्नान के दौरान बृजेश और सचिन त्यागी गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों लापता हो गए।

स्वजन के शोर मचाने पर आसपास मौजूद युवक मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक दोनों डूबकर लापता हो चुके थे।

सूचना मिलते ही शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा मौके पर पहुंचे और जल पुलिस के गोताखोरों को बुलाकर सर्च आपरेशन शुरू कराया। कई घंटे मशक्कत के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर दोनों के शव बरामद कर लिए गए।

पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि जिस जगह पर हादसा हुआ, वहां स्नान प्रतिबंधित है।

इसलिए चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। परिवार के सदस्यों ने रोते हुए बताया कि बृजेश और सचिन गहरे मित्र थे और दोनों परिवार अक्सर घूमने जाते रहते थे।

हादसा होने पर उन्हें कुछ समझ ही नहीं आया कि दोनों लोग कैसे डूब गए। परिवार की महिला सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार: बहू-बेटे ने घर से निकाला, बहुमंजिला मकान होने के बाद भी बुजुर्ग मां को नहीं दिया आशियाना

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में PNG की बढ़ी मांग, एक महीने में ढाई हजार नए कनेक्शन; रोजाना आ रहे नए आवेदन