घर से बाहर काम करते मिले 22 होम क्वारंटाइन किए लोग
लक्सर के कलसिया गांव में होम क्वारंटाइन किए गए 22 लोग घरों से बाहर काम करते मिले।
लक्सर : लक्सर के कलसिया गांव में होम क्वारंटाइन किए गए 22 लोग घरों से बाहर काम करते मिले। सर्वे अधिकारी बनाए गए सहायक अध्यापक परविद्र कुमार ने एसडीएम को इसकी रिपोर्ट भेजी है।
गंगा से सटे क्षेत्र के कलसिया गांव निवासी कुछ लोगों ने पैदल अपने घरों को लौट रहे प्रवासियों को नाव से गंगा पार कराई थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे 22 लोगों को चिह्नित कर होम क्वारंटाइन किया था, लेकिन ये होम क्वारंटाइन का पालन करने के बजाय गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। साथ ही, गांव के बाहर जाकर भी काम कर रहे हैं।
वहीं, कोरोना संक्रमण के चलते सील किए गए क्षेत्र के गांवों से ग्रामीणों के बाहर आने-जाने की सूचना मिल रही है। एसडीएम पूरण सिंह राणा का कहना है कि ग्रामीणों से नियमों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को इसके लिए निर्देशित किया गया है। क्वारंटाइन उल्लंघन पर मुकदमा
लक्सर: तिलकपुरी गांव निवासी धर्मपाल को होम क्वारंटाइन किया गया था। लेकिन, वह होम क्वारंटाइन का पालन नहीं कर रहा था। किसी ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी थी। जिसके बाद नोडल अधिकारी की ओर से आरोपित के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके अलावा छह और लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इनमें तीन ब्रह्मपुर जट और तीन बसवाखेड़ी के हैं।