व्यापारियों के पूर्व में कटे चालान निरस्त कराए जाएं
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने व्यापारियों को बिना पूर्व सूचना के बाजार बंद करवाने और व्यापारियों के चालान काटने को लेकर रोष जताया।
जागरण संवाददाता, रुड़की: प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने व्यापारियों को बिना पूर्व सूचना के बाजार बंद करवाने और व्यापारियों के चालान काटने को लेकर रोष जताया। साथ ही, व्यापारियों के कटे हुए चालान निरस्त कराने को लेकर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता को ज्ञापन भी दिया।
शुक्रवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मंडल में शामिल प्रदेश अध्यक्ष अजय गुप्ता, नवीन गुलाटी, रामगोपाल कंसल, कविश मित्तल, सनी नारंग, सार्थक छाबड़ा, विक्रम गर्ग और सौरभ गुप्ता ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मयंक गुप्ता को ज्ञापन दिया। व्यापारियों ने कहा कि शासन और जिला प्रशासन की ओर से पांच अगस्त को साप्ताहिक बंदी को लेकर व्यापारियों को पूर्व में कोई सूचना नहीं दी गई थी। व्यापारियों ने कहा कि चार अगस्त रात में अचानक ही जिला प्रशासन ने साप्ताहिक बंदी का आदेश दिया जोकि व्यापारियों में प्रचारित एवं प्रसारित नहीं हो पाया। जिस वजह से बुधवार को बाजार सामान्य रूप से खुला। इसके बावजूद व्यापारियों के चालान काटे गए। जबकि कुछ दुकानें आवश्यक सेवा में आती हैं। कहा कि प्रशासन की इस कार्रवाई का प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल विरोध करता है। वहीं व्यापारियों ने शासन-प्रशासन से अनुरोध किया है कि यदि आवश्यक है तो पूरे जिले में एक ही दिन संपूर्ण लॉकडाउन किया जाए। प्रशासन की ओर से साप्ताहिक बंदी का आदेश जारी किया गया है और इस दिन बाजारों को सैनिटाइजेशन करवाने की बात कही जा रही है,लेकिन बाजारों का सेनिटाइजेशन नहीं किया जा रहा है।