उपचार के दौरान महिला की मौत, हंगामा
संवाद सहयोगी, रुड़की: एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई। महिला क
संवाद सहयोगी, रुड़की: एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामले की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बामुश्किल परिजनों को शांत कराया। वहीं, अस्पताल के डॉक्टर का कहना है कि उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई है।
नन्हेडा गांव निवासी पुष्पा की किडनी खराब थी। उसे उपचार के लिए बीएसएम तिराहा के समीप स्थित एक निजी अस्पताल लाया गया। महिला की डायलिसिस होनी थी। इसके लिए उसे वार्ड से इमरजेंसी में शिफ्ट किया जा रहा था। अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई। जिससे उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की बात जब परिजनों को पता चली तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की जानकारी पाकर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को बामुश्किल शांत कराया। परिजनों का कहना है कि अस्पताल की ओर से समय से आक्सीजन उपलब्ध नहीं कराई गई। इसी वजह मौत हुई है। वहीं अस्पताल के डॉक्टर का कहना है कि उपचार में कोई लापरवाही नहीं हुई है। अस्पताल में हमेशा आक्सीजन के सिलेंडर उपलब्ध रहते हैं। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि महिला की दोनों किडनी खराब थी। चिकित्सक ने महिला की हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर ले जाने के लिए कहा था लेकिन परिजनों के कहने पर उपचार शुरू किया था। परिजनों की ओर से इस मामले में कोई शिकायत नहीं दी गई है।