कमरे का ताला तोड़ महिला रिश्तेदार ने किया कब्जा
नगर निगम के एक रिटायर्ड कर्मचारी को आवंटित कमरे का ताला तोड़ने के मामले में सहायक नगर आयुक्त ने जांच बैठा दी है।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: नगर निगम के एक रिटायर्ड कर्मचारी को आवंटित कमरे का ताला तोड़ने के मामले में सहायक नगर आयुक्त ने जांच बैठा दी है। शिकायत में रिटायर्ड कर्मचारी की महिला रिश्तेदार पर निगम का आवास कब्जाने का आरोप है।
सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी को शिकायती पत्र देकर रिटायर्ड कर्मचारी ने बताया कि उन्हें नगर निगम की ओर से वाटर वर्क्स कॉलोनी में जो कमरा आवंटित किया गया था, उसका ताला तोड़ उसके एक महिला रिश्तेदार ने कब्जा कर लिया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सहायक नगर आयुक्त ने रविवार को एक टीम मौके पर भेजी थी, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हो पाई थी। सोमवार को निगमकर्मी लक्ष्मी कांत भट्ट और ड्राफ्टमैन दिनेश कांडपाल ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। सहायक नगर आयुक्त उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। बताया कि रिटायर्ड कर्मचारी ने आवास निगम को कब्जा दे दिया था। उसके पास क्वार्टर का एक कमरा था। उसमें वह पत्नी के साथ रहता था।