Farmer Protest: हरिद्वार में लाठीचार्ज से किसानों में आक्रोश, टोल प्लाजा पर अनिश्चितकालीन धरना
रुड़की में बहादराबाद में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में किसान संगठन आक्रोशित हैं। भाकियू रोड गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने लाठीचार्ज की निंदा की है और बैठक बुलाई है। उत्तराखंड किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने भी बैठक का ऐलान किया है। भाकियू अंबावत के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष से वार्ता के बाद निर्णय लिया जाएगा।

जासं, रुड़की। गुरुवार को बहादराबाद में किसानों पर हुए लाठी चार्ज के विरोध में अन्य किसान संगठन भी आक्रोशित हो गए हैं। भाकियू के प्रतिद्वंद्वी भकियू रोड गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने भी किसानों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए ऐलान किया है कि संगठन के पदाधिकारी की एक जरूरी बैठक बुलाई गई है। जिसमें निर्णय लिया जाएगा।
वहीं उत्तराखंड किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने भी इस मुद्दे पर बैठक का ऐलान किया है। भाकियू अंबावत के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चौधरी ने कहा कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष से वार्ता करने के बाद ही आगे इस संबंध में कोई निर्णय लिया जाएगा।
बहादराबाद टोल प्लाजा पर अनिश्चितकालीन धरना
हरिद्वार : भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं का बहादराबाद टोल प्लाजा पर अनिश्चितकालीन धरना जारी है। दोपहर करीब 3 बजे संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी बहादराबाद पहुंचेंगे। उनके आने के बाद आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।
किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन चलता रहेगा। किसानों का आरोप है कि बृहस्पतिवार को वे ऊर्जा भवन का घेराव करने देहरादून जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया और टोल प्लाजा पर लाठीचार्ज किया। इसके बाद से ही किसानों ने यहीं धरना शुरू कर दिया।
किसान नेताओं का कहना है कि वे स्मार्ट मीटर का विरोध इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि इसके माध्यम से आने वाले बिजली के बिल उल्टे-सीधे और लाखों रुपये तक के आ रहे हैं। किसानों की मांग है कि उनके घरों पर स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं।
भारतीय किसान यूनियन जिलाध्यक्ष विजय पाल शास्त्री और गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने बताया कि किसानों की यह भी मांग है कि लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों को निलंबित किया जाए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।