किसानों ने दी राजमार्ग जाम करने की चेतावनी
गन्ने का भुगतान न होने से नाराज किसानों ने राजमार्ग जाम करने की चेतावनी दी है। साथ किसानों का पुलिसिया उत्पीड़न बंद करने की मांग की गई। किसानों ने सरकार से तत्काल गन्ने का दाम घोषित करने की मांग उठाई।
जागरण संवाददाता, रुड़की: गन्ने का भुगतान न होने से नाराज किसानों ने राजमार्ग जाम करने की चेतावनी दी है। साथ किसानों का पुलिसिया उत्पीड़न बंद करने की मांग की गई। किसानों ने सरकार से तत्काल गन्ने का दाम घोषित करने की मांग उठाई।
प्रशासनिक भवन परिसर में हुई बैठक में भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने कहा कि मौजूदा सरकार पूरी तरह से किसान विरोधी है। किसानों के गन्ने का आज तक भुगतान नहीं हुआ है। देश के अंदर बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। निराश, हताश युवा आत्महत्या कर रहा हैं लेकिन सरकार झूठे वायदे एवं घोषणाएं कर जनता को धोखा देने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार किसान एवं खेती दोनों को ही बर्बाद कर देगी। हरियाणा के अंदर किसानों के ऊपर लाठियां बरसाई गई। उन पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। जिलाध्यक्ष नाजिम अली ने कहा कि अब किसान बड़ी से बड़ी कुर्बानी देने को तैयार हैं,लेकिन पुलिस के उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गन्ने का भुगतान नहीं हुआ तो राजमार्ग एवं रेल मार्ग को बंद करने से भी किसान पीछे नहीं हटेगा। अब किसानों के सब्र का बांध पूरी तरह से टूट चुका है। अनवर सिंह आर्य ने कहा कि आज देश में सबसे अधिक उत्पीड़न किसान का हो रहा है। न तो फसल का समय से दाम मिल रहा है और ना ही लाभकारी मूल्य। इस मौके युवा विग के जिलाध्यक्ष संजीव कुशवाह, मंगतराम सैनी, इंद्र सिंह रोड, सलमान, प्रदीप, शमशाद, लालचंद, रियासत व इरशाद आदि मौजूद रहे।