पूर्व पार्षद पर दुष्कर्म मामले में साक्ष्य मिटाने का आरोप, गिरफ्तार
रुड़की में पांच साल की बच्ची से हुए दुष्कर्म के मामले में सबूत मिटाने के आरोप में पूर्व पार्षद को गिरफ्तार किया है। साथ ही दुष्कर्म का आरोपित भी पकड़ा गया है।
रुड़की [जेएनएन]: पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले में जबरन फैसला कराने, साक्ष्य मिटाने समेत पॉक्सो की धाराओं में पूर्व पार्षद को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद देर रात तक कोतवाली के बाहर भीड़ लगी रही। इस मामले में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ रही है। दुष्कर्म के आरोपित को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
दरअसल, पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पीड़ित परिवार पर दबाव डालकर फैसला कराने और साक्ष्य मिटाने के आरोप में पुलिस ने पूर्व पार्षद फजलुर्रहमान उर्फ छोटा को रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी के बाद कोतवाली के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा रहे। पूर्व पार्षद को छुड़ाने के लिए पुलिस पर दबाव भी बनाया गया, लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी।
इतना ही नहीं, बल्कि एक दिन पहले ही पुलिस को दुष्कर्म मामले में सुलहनामा भी दिया गया था। इसके बावजूद पुलिस ने न केवल दुष्कर्म के आरोपित को गिरफ्तार किया बल्कि पूर्व पार्षद को भी गिरफ्तार कर लिया। पूर्व पार्षद की गिरफ्तारी को लेकर देर रात तक गहमागहमी का माहौल रहा।
पूर्व पार्षद पर आरोप है कि शहर के एक मोहल्ले में पांच साल की बच्ची से हुए दुष्कर्म के मामले में शुक्रवार की रात को पीड़ित परिवार पर दबाव बनाया गया था। रात को हो रही पंचायत में जबरन फैसलानामा लिखवाया गया। पुलिस टीम पंचायत से किसी तरह से पीड़ित परिवार को कोतवाली लाई थी। इस दौरान पुलिस के साथ भी आरोपित पक्ष के लोगों की नोकझोंक हुई थी। इंस्पेक्टर साधना त्यागी ने बताया कि समझौता कराने में शामिल रहे अन्य लोगों को भी चिन्हित किया जा रहा है। इस मामले में शीघ्र ही अन्य कई गिरफ्तारी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: किशोरी से दुष्कर्म के आरोपित को पकड़ने के लिए बनाया ये प्लान
यह भी पढ़ें: युवती ने पुलिस कर्मी पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
यह भी पढ़ें: दूर के रिश्तेदार वृद्ध ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज