ऊर्जा निगम ने 32 को बिजली चोरी करते पकड़ा, तहरीर दी
बिजली चोरों के खिलाफ ऊर्जा निगम ने बड़े पैमाने पर अभियान शुरू कर दिया है।
जागरण संवाददाता, रुड़की: बिजली चोरों के खिलाफ ऊर्जा निगम ने बड़े पैमाने पर अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक बिजली चोरी के 32 मामले पकड़े गए हैं। सभी के खिलाफ विभिन्न थानों में तहरीर दी गई है।
बकाया वसूली और बिजली चोरी रोकने को निगम की ओर से बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया है। इसके तहत जगह-जगह छापे मार कार्रवाई की जा रही है। भगवानपुर क्षेत्र में ऊर्जा निगम की तीन टीमों ने 10 लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा। इन सभी के खिलाफ भगवानपुर थाने में तहरीर दी गई है। अधिकांश ने मीटर से पहले कट लगाकर बिजली चोरी की हुई थी। इसके अलावा लंढौरा क्षेत्र में आठ लोग बिजली बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए हैं। वहीं रामनगर में चार लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा है। साथ ही, ब्रह्मपुर, कलियर में भी बिजली चोरों के खिलाफ अभियान संचालित किया गया है। यहां पर भी 10 को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया है। रुड़की मंडल के उप महाप्रबंधक शेखर चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बड़े पैमाने पर अभियान को संचालित किया जाएगा।