खेत में पहुंचा हाथियों का झुंड, किसानों ने भागकर बचाई जान
अचानक खेत पर पहुंचे हाथियों के झुंड ने पहरा दे रहे किसानों को भागने पर मजबूर कर दिया। किसानों ने वन विभाग के अफसरों पर गश्त करने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
हरिद्वार, जेएनएन। अचानक खेत पर पहुंचे हाथियों के झुंड ने पहरा दे रहे किसानों को भागने पर मजबूर कर दिया। किसानों ने वन विभाग के अफसरों पर गश्त करने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अच्छी तरह से गश्त नहीं हो रही है, जिसके चलते हाथी खेतों में पहुंच रहे हैं।
पथरी क्षेत्र में लंबे समय हाथियों का झुंड खेतों में पहुंच रहा है, जिससे किसान परेशान हैं। हाथी रोजाना खेतों में फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके चलते किसान रात में खेतों में पहरा देता हैं। गत रात कटारपुर और बिशनपुर के किसान खेतों में पहरा दे रहे थे।
बताया गया कि हाथियों का एक झुंड खेतों में पहुंच गया, लेकिन धुंध इतनी ज्यादा थी कि किसानों को हाथी नहीं दिखे। इससे हाथी किसानों के नजदीक पहुंच गए। यह देख किसानों के होश उड़ गए। आनन-फानन किसान हाथियों से बचने के लिए भाग खड़े हुए। किसानों ने बामुश्किल भागकर जान बचाई।
किसान ठाकुर योगेंद्र सिंह, अमित चौहान, सुरेश चंद, राकेश, डॉ. विजेंदर, संजय सरदार, विनोद कुमार शर्मा, राजपाल ठाकुर, अतुल चौहान, रविंद्र सैनी, ग्राम प्रधान पंकज चौहान, सरदार भगवान सिंह का कहना है कि गश्त में लापरवाही होने से हाथी खेतों में आ रहे हैं। इस कारण फसलों को नुकसान हो रहा है। उधर, रेंजर दिनेश प्रसाद नौडियाल का कहना है कि रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि हाथियों को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें: ऋषिकेश के ढालवाला में घुसा गुलदार, छह घंटे तक अटकी रही सांस
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में साल दर साल बढ़ रहे हैं आदमखोर, इस साल टूटा 13 सालों का रिकॉर्ड
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में जख्म दे रहे है वन्यजीव, मरहम का इंतजार