चुनाव खत्म होते ही निगम ने काटे बकायेदारों के कनेक्शन
जागरण संवाददाता, रुड़की : निकाय चुनाव खत्म होते ही ऊर्जा निगम की ओर से बकायेदारों के खिला
जागरण संवाददाता, रुड़की : निकाय चुनाव खत्म होते ही ऊर्जा निगम की ओर से बकायेदारों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। 123 बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए गए हैं। साथ ही छुट्टी के दिन रुड़की मंडल में 10 लाख रुपये का राजस्व वसूल किया। गुरुवार से अभियान को तेज किया जाएगा।
पिछले दिनों ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक बीसीके मिश्रा ने राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसके लिए उन्होंने लक्ष्य भी निर्धारित किए थे। चार दिन से निकाय चुनाव में मतदान एवं मतगणना के चलते इस अभियान को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। बुधवार से निगम की ओर से फिर से अभियान को शुरू कर दिया गया है। शहर में ही गणेशपुर, पठानपुरा, मैन बाजार, सिविल लाइंस, आदर्शनगर में कनेक्शन काटे गए। इसके अलावा रामनगर क्षेत्र में भी निगम की ओर से कनेक्शन काटे गए। उप महाप्रबंधक रुड़की मंडल अमित कुमार शर्मा ने बताया कि अब प्रतिदिन वसूली अभियान चलेगा। कालोनियों में भी निगम की ओर से शिविर आयोजित किए जाएंगे। जो बकायेदारा पिछले तीन माह से निगम का बिजली बिल चुकता नहीं कर रहे हैं उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस माह में निगम को 147 करोड़ रुपये का बकाया वसूल करना है। इसके लिए सभी एसडीओ को निर्देश दिए गए हैं।