एकता, दीपाली व गीतांजलि अव्वल
जागरण संवाददाता हरिद्वार देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के 18वें वार्षिकोत्सव में खेलों के साथ बौद्धिक
जागरण संवाददाता, हरिद्वार: देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के 18वें वार्षिकोत्सव में खेलों के साथ बौद्धिक प्रतियोगिताओं में शास्त्रीय संगीत एकल गायन में एकता नैथानी को प्रथम, अर्चना व सुरभि पंत को द्वितीय मिला। एकल प्रज्ञागीत गायन में कुमार रजत को पहला, अनन्या त्रिपाठी को दूसरा स्थान मिला। ढपली वादन में दीक्षा पटेल अव्वल रहीं। समूह प्रज्ञा गीत में प्रज्ञा ग्रुप को प्रथम, सरगम ग्रुप को द्वितीय स्थान मिला। एकल भावनृत्य में प्रेरणा ने बाजी मारी। तो जयश्री को द्वितीय स्थान से संतोष करना पड़ा। समूह नृत्य में अर्चना ग्रुप ने भावना ग्रुप को पछाड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कुलाधिपति डॉ. प्रणव पंड्या ने प्रतिभागियों की खेल भावना को सराहा। प्रथम, द्वितीय आए छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता के प्रभारी डॉ. शिवनारायण प्रसाद ने बताया खेलों के साथ बौद्धिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी श्रेष्ठता दिखाई। विवि के खेल अधिकारी नरेन्द्र सिंह ने बताया छात्रा वर्ग के चार सौ मीटर दौड़ में दीपाली मौर्या ने प्रथम, प्रेरणा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दौ सौ मीटर दौड़ में गीताजंलि को पहला तथा दीपांशी अवाना को दूसरा स्थान मिला। सौ मीटर दौड़ में गीताजंलि ने प्रथम व तानिया दूसरे स्थान पर रही। बैडमिटन डबल्स में यशी व गीतांजलि ने पहला और अंजू व स्वीकृति को दूसरा स्थान मिला। पावर लिफ्टिग में प्रेरणा ने 210 किग्रा भार उठाकर बाजी मारी। अर्चना ने 190 किग्रा के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। खो-खो में प्राची की टीम ने दीपाली की टीम को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल में दिव्यानी की टीम ने प्रशंसा की टीम को 25-20, 25-21 से हराया। लंबीकूद में रुचि नागर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। चेस में रेणुका ने अस्मिता को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कैरम में स्मृति की टीम ने रीता की टीम को हराया। सौ मीटर दौड़ में करण कुमार प्रथम, अमन को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। बैडमिटन डबल्स में रोशन व शिवानंद को प्रथम और ऋषभ व प्रखर को दूसरा स्थान मिला। लघुनाटिका का मंचन किया गया। इस दौरान कुलपति शरद पारधी, प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या, कुलसचिव बलदाऊ देवांगन, विभागाध्यक्ष और विवि व शांतिकुंज परिवार के लोग उपस्थित रहे।