शराबियों ने बरसाए महिलाओं पर पत्थर
संवाद सूत्र, लालढांग: गाजीवाली और कांगड़ी गांव की महिलाएं शराबियों की हरकत से बहुत परे
संवाद सूत्र, लालढांग: गाजीवाली और कांगड़ी गांव की महिलाएं शराबियों की हरकत से परेशान हैं। शराबी आते-जाते महिलाओं पर छींटाकशी करते हैं। यही नहीं गुरुवार को तो छींटाकशी का विरोध करने पर शराबियों ने महिलाओं पर पत्थर तक बरसा दिए थे। हालांकि इसमें किसी को चोट नहीं आई थी, लेकिन महिलाएं अब अपने बच्चों को हाईवे से घर लेने जाने से भी कतरा रही हैं। इससे नाराज महिलाएं शराबियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को थाने का घेराव करेंगी।
कांगड़ी शराब का ठेका सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद गाजीवाली स्थित पुराने पेट्रोल पंप के समीप चला गया। शराब की दुकान के पीछे और दूसरी तरफ आबादी होने से क्षेत्र के लोग खासे परेशान हैं। सबसे ज्यादा परेशानी का सामना महिलाओं को करना पड़ रहा है। महिलाएं दोपहर में अपने बच्चों को स्कूल की छुट्टी के समय हाईवे से घर लेने जाते हैं, तो वहीं बैठे शराबी महिलाओं पर छींटाकशी करते हैं। गुरुवार दोपहर दो शराबी महिलाओं से छींटाकशी कर रहे थे। जब उन्हीं में से किसी महिला ने उसका विरोध किया तो शराबियों ने उन महिलाओं पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। गनीमत रही कि समीप ही गांव के कुछ युवक खड़े थे। उन्होंने शराबियों को वहां से भगाया। नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीण सरिता भंडारी, रुचि रावत आदि ने बताया कि जब से शराब का ठेका यहां आया है, उनके सामने बहुत परेशानी खड़ी हो गई है। शराब की दुकान के बाहर एक पेट्रोल पंप है, जो कई साल से बंद पड़ा है। शराबी वहीं शराब पीते रहते हैं और अनापशनाप बोलते रहते हैं। रोज-रोज इस प्रकार की हरकत से वो तंग आ चुकी हैं। गांव की महिलाओं ने पुलिस से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। वहीं, एसओ श्यामपुर कुलदीप शाह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा है तो वो खुद मौके पर जाकर शराबियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों की छुट्टी के समय चेतक को मौके पर भेजा जाएगा।