बसेड़ी गांव में भूमि विवाद के मामले में दो गिरफ्तार
संवाद सूत्र लक्सर बसेडी गांव के समीप विवादित भूमि पर कब्जे के दौरान हुए विवाद में पुलिस ने ले
संवाद सूत्र, लक्सर: बसेड़ी गांव के समीप विवादित भूमि पर कब्जे के दौरान हुए विवाद में पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर दो नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया है।
नगर के लक्सर-रुड़की मार्ग पर बसेड़ी गांव के पास स्थित सात बीघा भूमि लक्सर कोतवाली के ही खेड़ी गांव निवासी जोध सिंह ने एक महिला से खरीदी थी। भूमि का बैनामा होने के बाद भी अभी तक जोध सिंह को भूमि पर कब्जा नहीं मिल सका। महिला के परिवार के लोग भूमि पर कब्जे का विरोध कर रहे हैं। पूर्व में भी भूमि पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। मामले में बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी हरिद्वार के आदेश पर जोधसिंह चकबंदी टीम व पुलिस के साथ भूमि पर कब्जा लेने के लिए गए थे। भूमि की पैमाइश के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने मौके पर हंगामा करना शुरू कर दिया। दूसरे पक्ष के ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा काटा और मौके पर पैमाइश कर रही चकबंदी टीम व पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर दी। पुलिस ने पहले ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जमकर लाठियां भांजी। जिसके बाद पैमाइश को रोक दिया गया था। मामले में पुलिस ने चकबंदी लेखपाल बृजमोहन सिंह की तहरीर पर आरोपित गुलशेर व गुलशनव्वर पुत्र जमील निवासी बसेडी खादर और पांच अज्ञात समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मामले में दो नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप