टूटी सड़कें ठीक न करने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
व्यापारियों ने टूटी सड़कें जल्द ठीक न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
संवाद सहयोगी, हरिद्वार: व्यापारियों ने टूटी सड़कें जल्द ठीक न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इस संबंध में महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ लोनिवि के दफ्तर पहुंचकर सहायक अभियंता गणेश दत्त जोशी को ज्ञापन दिया।
व्यापारी सुनील सेठी ने टूटी सड़कों से जनता को हो रही परेशानी के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के नाम पर पूरा शहर अनियोजित तरीके से उजाड़ कर रख दिया गया है। एक साल से ऊपर होने पर भी अभी तक सड़कें नहीं बन रही हैं। गली-मोहल्ले हो या मुख्य मार्ग शहरवासियों को चलना मुश्किलभरा हो गया है। इसके कारण राहगीर चोटिल हो रहे हैं। कोई सुध लेने वाला नहीं है। जिस प्रकार से अभी कुंभ के कार्य शेष हैं, ऐसे में सड़कों की मरम्मत होने की उम्मीद कोई नजर नहीं आ रही है, लेकिन इसकी वजह से जनता को सड़कों के कारण अब और अधिक परेशान नहीं होने दिया जाएगा। कहा कि अगर सड़कें जल्द ठीक करने का काम शुरू नहीं किया गया तो व्यपारी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। मायापुर व्यापार मंडल अध्यक्ष जितेंद्र चौरसिया व जिला उपाध्यक्ष तरुण व्यास ने ने कहा कि पूरा शहर बेहाल हो चुका है, जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों से रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। दोपहिया वाहनों का चलना मुश्किल हो गया है। जिससे सड़कों को ठीक कराने का काम शीघ्र शुरू किया जाए। इस मौके पर जागृति व्यापार मंडल अध्यक्ष नाथीराम सैनी, दीपक पांडेय, दीपक राणा, पंकज माटा, मनोज कुमार, आदित्य, कमल पाहवा, सुभाष सकलानी, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।