बायलर की चपेट में झुलसे श्रमिक की मौत
जागरण संवाददाता रुड़की भगवानपुर क्षेत्र में दो दिन पहले हुए हादसे में झुलसे एक कर्मचारी ने
जागरण संवाददाता, रुड़की: भगवानपुर क्षेत्र में दो दिन पहले हुए हादसे में झुलसे एक कर्मचारी ने देहरादून के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया है।
गौरतलब है कि भगवानपुर के रायपुर औद्योगिक क्षेत्र में सनराइज कत्था फैक्ट्री में आठ जुलाई को बायलर फट गया था। जिसकी चपेट में आने से 10 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए थे। इन सभी घायलों को कंपनी प्रबंधन ने रुड़की के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। हादसे के बाद मौके पर पहुंची तहसीलदार सुशीला कोटियाल को फैक्ट्री प्रबंधन ने सही जानकारी देने के बजाय गुमराह कर दिया था। जिससे नाराज होकर तहसीलदार सुशीला कोठियाल ने फैक्ट्री प्रबंधन को फटकार लगाई थी। घायलों को देहरादून के जगदंबा ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। जहा पर इन सभी का उपचार चल रहा था। भगवानपुर थाना प्रभारी संजीव थपलियाल ने बताया कि उपचार के दौरान हनुमान ( 35) पुत्र जगदीश निवासी कस्बा किरतपुर, जिला सीतापुर, उत्तर प्रदेश की बुधवार को मौत हो गई। देहरादून की कोतवाली नेहरू कॉलोनी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसके बाद परिजन शव को ले गए।