विवाहिता को गंगा में फेंकने पर ससुरालियों पर मुकदमा
संवाद सूत्र, लक्सर: दहेज में तीन लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष के लोगों पर
संवाद सूत्र, लक्सर: दहेज में तीन लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष के लोगों पर गर्भवती विवाहिता को गंगा में फेंकने का आरोप है। आसपास के लोगों ने विवाहिता को बचाया। इसके बाद आरोपितों ने विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की ओर से न्यायालय को प्रार्थनापत्र देकर बताया गया कि उसकी शादी वर्ष 2017 को उप्र के जिला मुज्जफरनगर निवासी युवक के साथ हुई थी। उसके ससुराल वाले शादी के बाद से ही दहेज में तीन लाख रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। विवाहिता ने अपने पिता के चार वर्ष पूर्व लापता हो जाने का हवाला देते हुए और दहेज देने में असमर्थता जतायी, लेकिन उसके ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना बंद नहीं किया। विवाहिता के मुताबिक इस बीच वह गर्भवती हो गई। उसके पति ने गर्भावस्था के बावजूद उसके साथ प्राकृतिक व अप्राकृतिक यौन शोषण किया। इसके बाद आरोपितों ने उसकी हत्या करने के इरादे से उसे मंगलौर क्षेत्र में गंगा में फेंक दिया। आसपास के कुछ लोगों ने उसे बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली। उस समय उसके ससुराल वाले माफी मांगकर उसे घर ले गए, लेकिन उसे प्रताड़ित करना जारी रखा। 30 जून 2018 को आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया।
आरोप है कि 12 जुलाई को आरोपित उसके घर आए और फिर मारपीट की। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने विवाहिता के पति, ससुर, सास, जेठ, ननद व ननदोई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।