दो हजार किसानों के खातों में पहुंची फसल बीमा की राशि
संवाद सहयोगी हरिद्वार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत दो हजार किसानों को लाभ मिला। इन
संवाद सहयोगी, हरिद्वार: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत दो हजार किसानों को लाभ मिला। इन किसानों के धान की फसल बरसात में नष्ट हो गयी थी। किसानों ने बीमा के आधार पर क्लेम मांगा था। फसल की बीमा राशि किसानों के खाते में पहुंच गई है। जिससे जनपद के करीब दो हजार किसानों को योजना का लाभ मिला।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत धान और गेहूं की फसल का बीमा कराया जाता है। इसमें भी किसानों को बहुत कम प्रीमियम भरना पड़ता है, बाकी प्रीमियम राज्य और केंद्र सरकार वहन करती है। किसानों ने खरीफ की फसल धान का बीमा कराया था, इसमें लोन और नॉन लोन के आधार पर बीमा हुआ था। इस बीमा के तहत किसी भी दैवीय आपदा से नष्ट होने वाली फसल की क्षतिपूर्ति की जानी थी। बरसात में दैवीय आपदा आने से हजारों किसानों की फसलें बर्बाद हो गई थी। किसानों ने नष्ट फसलों की क्षतिपूर्ति के लिए बीमा कंपनी से क्लेम मांगा था। कृषि विभाग के अधिकारियों की ओर से भी किसानों की नष्ट फसल का सर्वे कर रिपोर्ट मुख्य कृषि अधिकारी को दी गई थी। जिससे कंपनी की ओर से अब किसानों को फसल बीमा का क्लेम दे दिया गया है। मुख्य कृषि अधिकारी विकेश कुमार सिंह यादव ने बताया कि कुल 28 लाख 76 हजार रुपये का क्लेम किसानों को दिया गया है। जिसमें 22 लाख 57 हजार किसान धान फसल को तैयार करने को लिए गए विभिन्न संस्थाओं से लोन व छह लाख 19 हजार की क्लेम राशि उन किसानों को दी गई है, जिन्होंने स्वयं लोन कराया था। उनका कहना है किसान बैंक खाते से जाकर क्लेम की धनराशि निकाल सकते हैं।